पैसे मांगने पर भड़के आरोपी, ठेकेदार भाइयों का सिर फोड़ा; अस्पताल में भर्ती

भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र में एडवांस में दिए गए रुपए मांगने गए दो ठेकेदार भाइयों पर बदमाशों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे की सरियों से हमला कर दोनों भाइयों का सिर फोड़ दिया और हाथ-पैरों पर भी वार किए। घटना में एक कर्मचारी भी घायल हो गया। तीनों घायलों का महात्मा गांधी हॉस्पिटल में इलाज जारी है।

घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे किशनपुरा स्थित रामनिवास मिनरल्स फैक्ट्री के गेट पर हुई। मारपीट की पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। मांडल थाना प्रभारी आयुष श्रोत्रिय ने बताया कि रुपए के लेन-देन के विवाद में मारपीट हुई है। पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

घायल ठेकेदार भगवान गुर्जर ने बताया कि उनकी फैक्ट्री में काम करने वाले एक जेसीबी ऑपरेटर को 28 हजार रुपए एडवांस दिए गए थे। बाद में ऑपरेटर ने उनके यहां काम छोड़कर दूसरे ठेकेदार भंवर लाल गुर्जर की माइंस में काम शुरू कर दिया। शुक्रवार रात उनका छोटा भाई रणजीत गुर्जर ऑपरेटर से एडवांस की रकम वापस मांगने गया था।

आरोप है कि इसी दौरान भंवर लाल और उसके साथियों ने रणजीत के साथ हाथापाई शुरू कर दी। सूचना मिलने पर भगवान गुर्जर भी मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने दोनों भाइयों और उनके कर्मचारी सोनू सिंह पर हमला कर दिया। पीड़ितों का आरोप है कि करीब 15 से 20 बदमाशों ने लोहे की सरियों और डंडों से हमला किया।

हमले में रणजीत का हाथ टूट गया और उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं भगवान गुर्जर और कर्मचारी सोनू सिंह भी घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button