शराब की लत ने ली इकलौते बेटे की जान, जहर खाने के बाद एक हफ्ते चला इलाज

खैरथल-तिजारा जिले के कोटकासिम थाना क्षेत्र के जोड़िया गांव में जहर खाने से इकलौते बेटे की मौत हो गई। युवक पिछले सात दिनों से अलवर जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि जोड़िया गांव निवासी नवीन उर्फ सोनू (28) पुत्र सत्यनारायण यादव खेती-बाड़ी का काम करता था और शराब का आदी था। करीब सात दिन पहले उसने शराब के नशे में जहर खा लिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
परिजन उसे तुरंत कोटकासिम के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अलवर अस्पताल में युवक को सात दिन तक आईसीयू में भर्ती रखकर उपचार किया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
मृतक परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी बहन का विवाह पहले ही हो चुका है। वहीं, पिता सत्यनारायण यादव खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





