शर्म अल-शेख के पास आया 5.5 तीव्रता का भूकंप, अस्पतालों में अलर्ट; राहत की बात- कोई बड़ा नुकसान नहीं

मिस्र में सोमवार तड़के 5.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। राष्ट्रीय खगोलीय एवं भूभौतिकी अनुसंधान संस्थान (NRIAG) के अनुसार, भूकंप का केंद्र पर्यटन शहर शर्म अल-शेख के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में था। इसकी गहराई जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे मापी गई।
भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 3 बजे आया, जिसके झटके राजधानी काहिरा समेत कई इलाकों में महसूस किए गए। लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा, हालांकि अब तक किसी के हताहत होने या बड़े पैमाने पर संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।
भूकंप के बाद मिस्र सरकार ने तुरंत आपातकालीन व्यवस्था सक्रिय कर दी। स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्री खालिद अब्देल-गफ्फार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य आपातकालीन योजना लागू करने और मंत्रालय के केंद्रीय संकट एवं आपातकालीन संचालन कक्ष की बैठक बुलाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों के मुताबिक राहत और बचाव एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है।





