हरियाणा की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 33.84 लाख मतदाता सूची से बाहर; शहरी क्षेत्रों में सबसे ज्यादा असर

हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के पहले चरण के पूरा होने के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। निर्वाचन विभाग के अनुसार, राज्य के कुल 2.06 करोड़ मतदाताओं में से 1 करोड़ 72 लाख 27 हजार 135 मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में प्रकाशित किए गए हैं, जबकि 33.84 लाख नाम हटाए गए हैं। हटाए गए मतदाताओं में सबसे अधिक संख्या शहरी क्षेत्रों, खासकर गुरुग्राम, फरीदाबाद और पंचकूला की है।

निर्वाचन विभाग के मुताबिक, हटाए गए 33.84 लाख नामों में 9.36 लाख मतदाता दिए गए पते पर नहीं मिले, 13.75 लाख लोग स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर जा चुके थे, 7.66 लाख मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी थी और करीब 2.05 लाख लोगों के नाम अन्य स्थानों की मतदाता सूची में दर्ज पाए गए। ड्राफ्ट मतदाता सूची निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है, जबकि अंतिम मतदाता सूची 3 सितंबर को जारी की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन या पता बदलने के लिए 30 अगस्त तक दावा और आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। इसके लिए फॉर्म-6, 6A, 7 और 8 निर्धारित किए गए हैं। आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से ईआरओ, एईआरओ या बीएलओ के पास जमा किए जा सकते हैं।

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी मतदाता का नाम अंतिम रूप से हटाने से पहले संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किया जाएगा और उसे अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर मिलेगा। जांच के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। आयोग के अनुसार, विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।

Related Articles

Back to top button