ESIC मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की हड़ताल, 1.5 करोड़ रुपये स्टाइपेंड बकाया का आरोप

अलवर के एमआईए स्थित ESIC मेडिकल कॉलेज में इंटर्नशिप कर रहे करीब 100 डॉक्टर डीन कार्यालय के बाहर हड़ताल पर बैठ गए हैं। डॉक्टरों का आरोप है कि जुलाई 2025 से उनका स्टाइपेंड नहीं मिला है, जिससे उनके सामने रहने-खाने तक का संकट खड़ा हो गया है। एक-एक इंटर्न का करीब डेढ़ लाख रुपये से अधिक भुगतान लंबित बताया जा रहा है।

डॉक्टरों का कहना है कि इस संबंध में वे पहले भी कई बार डीन को पत्र दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक बकाया स्टाइपेंड जारी नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

इंटर्न डॉ. अतुल तिवारी के अनुसार वे 2025-26 बैच के इंटर्न हैं और सात महीने से लगातार ड्यूटी करने के बावजूद कोई मेहनताना नहीं मिला। वहीं डॉ. नलिनी जायसवाल ने कहा कि उन्हें बार-बार केवल आश्वासन दिया गया, जबकि सभी जरूरी दस्तावेज और कर्मचारी पहचान संख्या पहले ही जमा कराई जा चुकी है। अब उन्होंने लिखित आदेश मिलने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है।

करीब 100 इंटर्न डॉक्टरों के एक साथ हड़ताल पर जाने से अस्पताल की सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका है। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि भुगतान नहीं मिलने की स्थिति में वे ड्यूटी पर वापस नहीं लौटेंगे, जिससे मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है।

Related Articles

Back to top button