अरावली पर बयान देने से जिला प्रमुख का इनकार, कहा अभी कागज भी नहीं पढ़े

पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर शहर के सर्किट हाउस के पास स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में सर्व समाज के लोगों ने भाग लिया और चौधरी चरण सिंह के किसान हितैषी योगदान को याद किया। जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की, जिसके बाद विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।

विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने चौधरी चरण सिंह के विचारों और नीतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन किसानों, मजदूरों और ग्रामीण भारत के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनके द्वारा लिए गए नीतिगत फैसलों का लाभ आज भी देश के किसान वर्ग को मिल रहा है।

इस दौरान अरावली से जुड़े सवाल पर जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि अरावली का मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए इस पर कोई बयान देना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने अभी तक इस प्रकरण से जुड़े दस्तावेज नहीं पढ़े हैं और कागजात देखने के बाद ही कुछ कह पाएंगे।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह गंडुरा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एस.आर. यादव, समिति से जुड़े पदाधिकारी मोरध्वज चौधरी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री रहते हुए भी चौधरी चरण सिंह ने अपनी अलग पहचान बनाई और किसान हितों को सर्वोपरि रखा।

जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर और पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह गंडुरा ने अपने संबोधन में कहा कि चौधरी चरण सिंह की सोच आज भी प्रासंगिक है और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। कार्यक्रम का समापन उनके दिखाए मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ किया गया।

Related Articles

Back to top button