प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट पड़ी भारी, युवती पर जीरो FIR के बाद दिल्ली पुलिस करेगी जांच

दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में नोएडा पुलिस ने एक युवती के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की है। घटना दिल्ली में होने के कारण वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मामला आगे की जांच के लिए दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई गाजियाबाद के वसुंधरा निवासी अधिवक्ता स्मृति सिंह की शिकायत पर की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नोएडा सेक्टर-168 स्थित एक हाईराइज सोसायटी में रहने वाली रुचिका सिंह ने प्रदर्शन के दौरान सार्वजनिक मंच से प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया।

शिकायतकर्ता का कहना है कि इस कथित टिप्पणी से देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंची है और इससे सामाजिक सौहार्द व लोक शांति प्रभावित होने की आशंका है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवती मूल रूप से फरीदाबाद की रहने वाली है और वर्तमान में नोएडा में रहती है। पुलिस जब उसके फ्लैट पर पहुंची तो वह बंद मिला। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत जीरो एफआईआर दर्ज की गई।

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि चूंकि कथित घटना का स्थान दिल्ली का जंतर-मंतर है, इसलिए पूरी केस डायरी और एफआईआर दिल्ली पुलिस को भेज दी गई है। अब मामले की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई दिल्ली पुलिस करेगी।

Related Articles

Back to top button