सिलेंडर विस्फोट से मचा हड़कंप, भाई-बहन की जान गई, दो की हालत गंभीर

डीग जिले के कामां इलाके में मंगलवार शाम LPG सिलेंडर ब्लास्ट से बड़ा हादसा हो गया। डीग रोड स्थित बस स्टैंड के सामने एक कोल्ड ड्रिंक गोदाम में गैस भरते समय हुए धमाके में एक ही परिवार के 7 लोग झुलस गए। हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, हादसा शाम करीब 5 बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रसोई गैस सिलेंडर से ईको गाड़ी की गैस किट में गैस भरी जा रही थी। इसी दौरान सिलेंडर में तेज धमाका हो गया और आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम के ऊपर बने मकान तक पहुंच गई।
घटना के समय कोल्ड ड्रिंक एजेंसी संचालक मनमोहन गाड़ियों में गैस भर रहा था। मकान में उसके चचेरे भाई भगवान सिंह का परिवार भी मौजूद था। धमाके के बाद पूरे घर में आग फैल गई और परिवार के सदस्य उसकी चपेट में आ गए।
हादसे में मनमोहन, उसकी पत्नी सरिता, भगवान सिंह, उनकी पत्नी नीरज, बेटा लक्ष्य, बेटी साक्षी और अक्षरा झुलस गए। सभी घायलों को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान अक्षरा की मौत हो गई। वहीं जयपुर रेफर किए गए लक्ष्य ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में गोदाम में खड़ी दो ईको वैन भी पूरी तरह जल गईं। फिलहाल एफएसएल टीम मामले की जांच में जुटी है।





