अमिताभ बच्चन के घर के बाहर उमड़ी भीड़, संडे दर्शन के दौरान शख्स गिरा

अमिताभ बच्चन के हर रविवार होने वाले ‘संडे दर्शन’ के दौरान एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई। मुंबई स्थित उनके बंगले जलसा के बाहर भारी भीड़ के बीच शख्स अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आसपास मौजूद लोग उसे संभालते नजर आ रहे हैं।
हालांकि बेहोश हुए व्यक्ति की पहचान और उसकी हालत को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अमिताभ बच्चन हर रविवार अपने घर के बाहर फैंस से मुलाकात करते हैं। ‘संडे दर्शन’ के दौरान उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
इस बीच हाल ही में अमिताभ बच्चन के अस्पताल में भर्ती होने की खबरें भी सामने आई थीं। पत्रकार विक्की ललवानी ने दावा किया था कि बिग बी को मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि बाद में परिवार के करीबी सूत्रों ने स्पष्ट किया कि अमिताभ बच्चन केवल रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल गए थे और उसी दिन घर लौट आए थे।
दावों के बावजूद अमिताभ बच्चन अगले ही दिन हमेशा की तरह फैंस से मिलने ‘जलसा’ के बाहर नजर आए थे। वहीं उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और अपने ब्लॉग पर भी पोस्ट शेयर किए थे।
83 वर्षीय अमिताभ बच्चन पहले भी बता चुके हैं कि उनका केवल 25 प्रतिशत लिवर ही काम कर रहा है, जबकि 75 प्रतिशत लिवर खराब हो चुका है।





