कॉन्स्टेबल ने टोलकर्मी से हर महीने 50 हजार रुपये की मांग की, CCTV में खुला पूरा मामला

सवाई माधोपुर जिले के बौंली थाना क्षेत्र में आठ लेन टोल प्लाजा पर एक पुलिसकर्मी की दादागीरी का मामला सामने आया है। टोलकर्मी से मारपीट और वसूली की धमकी देने के आरोप में बौंली थाने के कॉन्स्टेबल राजपाल को निलंबित कर दिया गया है।

घटना 25 अक्टूबर की रात करीब 12:05 बजे की है। शिकायत के अनुसार, कॉन्स्टेबल राजपाल अपने साथी बालकिशन गुर्जर के साथ टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम में आया। वहां मौजूद सहायक मैनेजर फिरोज खान से शराब के लिए 5 हजार रुपए की मांग की। जब फिरोज ने पैसे देने से इनकार किया, तो दोनों पुलिसकर्मियों ने उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की।

पीड़ित ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मी ने धमकी दी कि अगर टोल प्लाजा चालू रखना है तो हर महीने 50 हजार रुपए देने होंगे। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारी रामसिंह, परसादी मीणा और सलमान ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपी पुलिसकर्मी उन्हें धमकाते हुए चले गए।

पूरे घटनाक्रम की CCTV फुटेज में स्पष्ट रूप से मारपीट और अभद्रता कैद हुई। शिकायतकर्ता ने वीडियो पुलिस अधिकारियों को सौंप दिया।

सवाई माधोपुर एसपी अनिल कुमार बेनीवाल ने मामले की गंभीरता देखते हुए कॉन्स्टेबल राजपाल को निलंबित कर दिया। मामले की उच्च स्तरीय जांच के लिए सीओ बौंली को जिम्मा सौंपा गया है, जबकि बालकिशन गुर्जर के खिलाफ विभागीय जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों का ऐसा आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले में पारदर्शी जांच की जाएगी।

Related Articles

Back to top button