गोरखपुर में गरजे CM योगी: 994 करोड़ की 14 परियोजनाओं का उद्घाटन, बोले- जो आस्था का विरोध करते थे, वही अब आस्था की बात कर रहे हैं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर दौरे के दौरान करीब 994 करोड़ रुपये की 14 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 813.52 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण और 181.77 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “जो लोग कभी आस्था पर प्रहार करते थे, आज वही आस्थावान बनने का ठेका ले रहे हैं।”
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन दलों ने अपने शासनकाल में आस्था, युवाओं, किसानों और कानून-व्यवस्था की उपेक्षा की। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, अपराध और अराजकता का माहौल था, जबकि आज उत्तर प्रदेश विकास, सुरक्षा और निवेश के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।
योगी ने दावा किया कि वर्ष 2007 से 2017 के बीच तत्कालीन सरकारों ने प्रदेश की 29 चीनी मिलें बंद कर दीं, जबकि उनकी सरकार ने नौ वर्षों में बिना भेदभाव 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और निजी निवेश के माध्यम से 65 लाख से अधिक रोजगार उपलब्ध कराए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी माफिया और इंसेफेलाइटिस के लिए बदनाम रहने वाला गोरखपुर आज निवेश, पर्यटन और रोजगार का बड़ा केंद्र बन चुका है। उन्होंने बताया कि गीडा (GIDA) में बड़े निवेश से हजारों युवाओं को रोजगार मिला है, जबकि रामगढ़ताल अब प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो चुका है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण किया, उनमें टीपीनगर-पैडलेगंज सिक्सलेन फ्लाईओवर, पैडलेगंज-फिराक गोरखपुरी फोरलेन मार्ग, एयरफोर्स स्टेशन परिसर में एमईएस ऑफिस कॉम्प्लेक्स और थाना गुलरिहा में बैरक निर्माण शामिल हैं। वहीं महिला छात्रावास, साइंस म्यूजियम, अंडरपास, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और विभिन्न सीसी रोड एवं नाली निर्माण परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया।





