शहरवासियों को एक ही जगह मिलेगा हर तरह का स्वाद, चौपाटी प्रोजेक्ट को मिली रफ्तार

अलवर नगर निगम और यूआईटी की ओर से प्रस्तावित अलवर चौपाटी के लिए कुल 42 स्टॉल आवंटित करने की लॉटरी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस योजना के तहत अलग-अलग 11 कैटेगरी में कुल 281 आवेदन प्राप्त हुए थे। नगर निगम परिसर में खुले में 11 राउंड में लॉटरी निकालकर पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से कराई गई, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई।

अधिकारियों के अनुसार चौपाटी में 11 प्रकार के फूड स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे शहरवासियों को एक ही स्थान पर विभिन्न व्यंजनों का स्वाद मिल सकेगा। इससे स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलने के साथ शहर को नया खानपान केंद्र भी मिलेगा।

कैटेगरीवार स्टॉल आवंटन

  • समोसा-कचौरी (6 स्टॉल): 43 आवेदनों में से गिर्राज प्रसाद गुप्ता, पुष्पेंद्र कुमार सैनी, मनीष तायल, सुशीला, रूपनारायण और आनंद अरोड़ा का चयन।
  • दाल पकवान (4 स्टॉल): विष्णु यादव, राधेश्याम अग्रवाल, निशांत वर्मा और सुरजन सिंह चयनित।
  • छोले कुलचे/भटूरे (3 स्टॉल): योगेश, विनय कुमार जैन और प्रदीप शर्मा को स्टॉल।
  • डोसा-इडली-वड़ा (4 स्टॉल): रोशन बैरवा, संगीता नरूका, राजबाला नागर और शांति देवी चयनित।
  • पावभाजी-बर्गर-सैंडविच (3 स्टॉल): संतोष देवी, गुलशन और राकेश शर्मा को मौका।
  • पकोड़े (3 स्टॉल): ईश्वर सैनी, मुकेश विजय और संदीप चयनित।
  • आइसक्रीम-रबड़ी-कुल्फी (4 स्टॉल): ईश्वर दास, गीता गुप्ता, सोनू सैनी और भगवान लाल चयनित।
  • दही-लस्सी-मिठाई (3 स्टॉल): घनश्याम शर्मा, प्रकाश सैनी और संजय कुकरेजा को स्टॉल।
  • फ्रूट चाट-शेक (4 स्टॉल): आरती भार्गव, सरोज सोनी, कुनाल शर्मा और दीपचंद चयनित।
  • पैटीज-पेस्ट्री-चॉकलेट (3 स्टॉल): नरेश चावला, राजेश कुमार शर्मा और शशिकांत जैन को आवंटन।
  • चाऊमीन-चायनीज (5 स्टॉल): सबसे अधिक 72 आवेदनों में से फुलकान खान, जितेंद्र मीणा, गितांजली भारती, टिकम सिंह और उर्मिला योगी का चयन।

किराया और शर्तें

यूआईटी ने प्रत्येक स्टॉल का किराया 2,000 रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया है, जबकि 6,000 रुपये अमानत राशि तय की गई है। स्टॉल दो वर्ष की अवधि के लिए आवंटित होंगे। यदि चयनित आवेदक निर्धारित समय में राशि जमा नहीं कराता है, तो प्रतीक्षा सूची में शामिल आवेदक को अवसर दिया जाएगा।

चौपाटी शुरू होने के बाद अलवर शहर के लोगों को साफ-सुथरे माहौल में विविध खानपान विकल्प एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे।

Related Articles

Back to top button