पत्थर प्लांट पर खेलते समय हादसा, कुत्ते के हमले में बच्चा घायल

अलवर के MIA में 8 साल के बच्चे पर कुत्ते का हमला, चेहरे पर आए 7 टांके
अलवर के मत्स्य इंडस्ट्रियल एरिया (MIA) में एक आवारा कुत्ते ने 8 साल के बच्चे पर हमला कर दिया। घटना के समय बच्चा पत्थर के प्लांट में खेल रहा था। कुत्ते ने उसके मुंह और नाक पर कई जगह काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल बच्चे को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके चेहरे पर करीब 7 टांके लगाए। बच्चे की पहचान बिहार निवासी ऋतिक के रूप में हुई है। उसके माता-पिता MIA क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करते हैं।
बच्चे के पिता ने बताया कि ऋतिक प्लांट परिसर में खेल रहा था, तभी एक आवारा कुत्ता वहां पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने सीधे उसके चेहरे को निशाना बनाया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर पास के कमरे में काम कर रही उसकी मां मौके पर पहुंची और किसी तरह उसे कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया।
डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की नाक पर गहरे घाव आए हैं, जिसके चलते टांके लगाने पड़े। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।





