अवैध पशु परिवहन का मामला: ऊंटों को कत्लखाने ले जाते पकड़ा गया ड्राइवर, पुलिस जांच में जुटी

कोटपूतली-बहरोड़ में काटने के लिए ले जा रही ऊंटों से भरी पिकअप को गोरक्षा दल के लोगों ने रोक लिया। गुस्साए लोगों ने ड्राइवर को अर्द्धनग्न कर पीटा। मामला बहरोड़ कोतवाली का है।
हेड कॉन्स्टेबल देशराज यादव ने बताया कि सुबह 10 बजे सूचना मिली कि कोतवाली शेरपुर गांव के पास नेशनल हाईवे-48 (दिल्ली-मुंबई) पर हरियाणा नंबर की पिकअप को गोरक्षा दल के लोगों ने रोका था।
पिकअप में 8 ऊंट ठूंस-ठूंसकर भरे हुए थे। इस दौरान एक ऊंट के मुंह से खून निकल रहा था। गोरक्षा दल के लोग आक्रोशित हो गए और ड्राइवर के साथ मारपीट कर दी।
हेड कॉन्स्टेबल ने बताया- मौके पर पहुंचकर ड्राइवर को छुड़ाया और पूछताछ की। ड्राइवर जाहिद (30) पुत्र यूसुफ निवासी बागपत ने बताया कि वह पुष्कर मेले से ऊंटों को खरीदकर लाया था।
ऊंटों को हरियाणा के सलम्बा (मेवात क्षेत्र) ले जाया जा रहा था। जहां इनको काटा जाता। ड्राइवर ने बताया- एक अन्य गाड़ी में उसके साथी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे के रास्ते 18 ऊंटों को लेकर गए हैं।
पुलिस ने बताया- 8 ऊंटों को कुंड रोड स्थित गोशाला में रखा गया है। थानाधिकारी विक्रांत शर्मा ने बताया- ड्राइवर के खिलाफ पशु क्रूरता में मामला दर्ज किया जाएगा।





