बहनजी के दर्शन की कीमत? बसपा जिलाध्यक्ष बोले- ₹5 लाख दिए, आम मुलाकात के लिए भी लगते हैं ₹2 लाख

बहुजन समाज पार्टी में टिकट के बदले करोड़ों रुपए की मांग का दावा सामने आया है। एक स्टिंग ऑपरेशन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल और लखनऊ जिलाध्यक्ष शैलेंद्र गौतम कथित तौर पर टिकट के लिए ₹3.35 करोड़ और बसपा प्रमुख मायावती से मुलाकात के लिए ₹5 लाख लेने की बात करते नजर आए।
स्टिंग में दावा किया गया कि विधानसभा टिकट के लिए पहले मायावती से मुलाकात कराई जाती है, जिसके लिए ₹5 लाख देने होते हैं। इसके बाद टिकट के लिए करोड़ों रुपए जमा कराने की प्रक्रिया शुरू होती है। बातचीत में यह भी दावा किया गया कि पैसा जमा होने के बाद उम्मीदवार की घोषणा कर दी जाती है।
वहीं, बसपा नेताओं ने यह भी कहा कि अलग-अलग सीटों के लिए अलग-अलग रकम तय होती है और कुछ सीटों पर कम रकम में भी टिकट दिया जा सकता है। स्टिंग के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है।





