BJP ने आरोपी की फोटो आप नेता के साथ दिखाई, AAP ने बताया AI जनरेटेड

नई दिल्ली: भाजपा के विधायक हरीश खुराना ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला करने वाले राजेश भाई की आम आदमी पार्टी के विधायक गोपाल इटालिया के साथ फोटो साझा की है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि रेखा गुप्ता पर हमले के मामले में आम आदमी पार्टी और उसके नेताओं की भूमिका हो सकती है। पार्टी ने इस संबंधों की जांच की मांग की है। भाजपा नेता की ओर से जारी की गई फोटो को आम आदमी पार्टी ने एआई से बनाई गई फोटो बताया है।

दरअसल, भाजपा के विधायक हरीश खुराना ने गोपाल इटालिया के साथ राजेश भाई की सोशल मीडिया पर शेयर की गई एक पोस्ट की फोटो जारी कर कहा है कि आरोपी आम आदमी पार्टी के नेता के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है। उन्होंने इटालिया और आम आदमी पार्टी से राजेश भाई के संबंधों पर स्पष्टीकरण की मांग की है।

भाजपा के आरोपों का आम आदमी पार्टी ने खंडन किया है। पार्टी का कहना है कि, ये फोटो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनाई गई है। लेकिन सुबह मुख्यमंत्री पर हमले की घटना सामने आने के बाद ही आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी मारलेना ने इस घटना पर दुख प्रकट किया था। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने इस घटना पर दुख प्रकट करते हुए सुरक्षा का मुद्दा उठाया है।

गोपाल इटालिया ने भाजपा पर बोला हमला
भाजपा नेता एक्स पर साझा की गई फोटो पर गोपाल इटालिया ने लिखा कि हरीश खुराना जी, आप की ख़ुद की तो किसी ट्रोलर से ज़्यादा इज्जत है नहीं लेकिन ऐसी घटिया हरकत करने से पहले अपने पिताजी मदनलाल जी की इज्जत की तो परवाह कर लेते? दो रूपिये प्रति ट्वीट के हिसाब से काम कर रहे भाजपाई छुटभैये से भी निम्न स्तर के आप के कारनामे देखकर स्वर्गीय मदनलाल खुराना जी बहुत खुश हो रहे होंगे क्या? अपने बेटे को छुटभैया ट्रोलर बने देख कर वो क्या सोच रहे होंगे?

विधायक बनने के बाद मुझे आप के जैसे घटिया ट्रोलर्स को एक्सप्लेन करना पड़ रहा है यह मेरे लिए भी दुर्भाग्य की बात है। मेरे इस पुराने वीडियो से कुछ स्क्रीनशॉटस लेकर, उसे एडिट कर के आपने फर्जी फ़ोटो पोस्ट किये है। सीएम का बेटा हो कर भी ऐसे घिनौने काम करने में आप को जरा सी भी शरम ना आयी? सारे मीडिया से मेरी अपील है की, इस छुटभैये ट्रोलर हरीश जी की ट्वीट को सत्यापित किए बिना न्यूज़ ना चलाए। मुझे मजबूरीवश कानूनी कदम उठाना पड़ेगा।

Related Articles

Back to top button