दिल्ली वालों के लिए बड़ी खबर: 695 किमी तक फैलेगा मेट्रो नेटवर्क, 40 लाख नए फ्लैट का लक्ष्य

केंद्र सरकार ने दिल्ली के भविष्य के विकास का रोडमैप तय करते हुए मास्टर प्लान दिल्ली-2047 (MPD-2047) का अनावरण किया है। योजना के तहत राजधानी में बढ़ती आबादी की जरूरतों को देखते हुए करीब 30 से 40 लाख नए फ्लैट विकसित करने और मेट्रो नेटवर्क का विस्तार 695 किलोमीटर तक करने का लक्ष्य रखा गया है।
केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 2047 तक दिल्ली की आबादी करीब 3.20 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है। इसे ध्यान में रखते हुए आवास, सार्वजनिक परिवहन और बुनियादी ढांचे के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है। मेट्रो के साथ बस नेटवर्क और छह नए रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) कॉरिडोर विकसित करने की भी योजना है।
मास्टर प्लान में किफायती आवास को बढ़ावा देने के लिए ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट नीति पर भी जोर दिया गया है। साथ ही, आनंद विहार समेत प्रमुख इलाकों में मल्टी-मोडल ट्रांजिट हब और एकीकृत पार्किंग व्यवस्था विकसित करने का प्रस्ताव है।
MPD-2047 का उद्देश्य दिल्ली को विश्वस्तरीय, समावेशी और आर्थिक रूप से मजबूत शहर के रूप में विकसित करना है। योजना में शहरी विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी गई है, जिसमें यमुना के बाढ़ क्षेत्र और रिज क्षेत्र को संरक्षित रखने पर जोर दिया गया है।





