टपूकड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्वच्छ भारत मिशन घोटाले का आरोपी चढ़ा हत्थे

खैरथल-तिजारा जिले की टपूकड़ा थाना पुलिस ने स्वच्छ भारत मिशन में धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गोपालराम पुत्र सोनाराम विश्नोई निवासी लक्ष्मीनगर, फलोदी (जोधपुर) के रूप में हुई है। आरोपी पर 5000 रुपए का इनाम घोषित था।

थानाधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि मामला 24 फरवरी 2022 को बामनवास पंचायत समिति के सहायक विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में कहा गया था कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना के तहत 3 फरवरी 2022 को कार्यालय की एसएसओ आईडी से 6 लाभार्थियों के नाम पर फर्जी भुगतान किया गया था।

जांच के दौरान सामने आया कि योजना के बैंक खाते से राशि धोखाधड़ी कर फर्जी खातों में ट्रांसफर की गई थी, जिसमें गोपालराम का नाम उजागर हुआ। आरोपी के फरार रहने पर सवाई माधोपुर एसपी ने उस पर इनाम घोषित किया था।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने टपूकड़ा नगरपालिका गेट के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे आगे की कार्रवाई के लिए बामनवास थाना पुलिस को सौंपने की तैयारी शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button