Ayesha Khan Detained: सड़क पर रील शूट कर रही थीं आयशा खान, पुलिस ने लिया हिरासत में

फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने ‘शरारत’ से चर्चा में आई अभिनेत्री आयशा खान को मुंबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आयशा का दावा है कि उन्हें बिना किसी विरोध प्रदर्शन के ही पुलिस ने हिरासत में लिया।
वीडियो में आयशा खान कहती नजर आ रही हैं, “मैं शांतिपूर्वक सड़क पर खड़ी थी। मैंने एक शब्द भी नहीं कहा था और न ही कोई विरोध प्रदर्शन शुरू किया था। इसके बावजूद मुझे और मेरी महिला दोस्तों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।”
आयशा के साथ मौजूद एक अन्य युवक ने भी दावा किया कि उसे बिना किसी कारण हिरासत में लिया गया। उसने कहा कि उसका उसी दिन गणित का प्रैक्टिकल था, लेकिन पुलिस उसे भी अपने साथ ले गई।
अभिनेत्री ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की भी की। उनके अनुसार, तीन-चार महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें खींचते हुए हिरासत में लिया। वीडियो में उनके साथ मौजूद अन्य लोगों ने भी बिना वजह कार्रवाई किए जाने का दावा किया है।
फिलहाल, मुंबई पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।





