Asian Games 2026: नीरज चोपड़ा नहीं खेलेंगे एशियाई खेल, AFI ने 77 सदस्यीय टीम का किया एलान

एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (AFI) ने 77 सदस्यीय ट्रैक एंड फील्ड टीम का एलान कर दिया है। चोट के कारण स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा एशियाई खेलों से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स के कांस्य पदक विजेता यशवीर सिंह को टीम में शामिल किया गया है।
एशियन गेम्स 2026 का आयोजन 19 सितंबर से चार अक्तूबर तक जापान के आइची-नागोया में किया जाएगा। नीरज चोपड़ा इस बार अपने एशियन गेम्स खिताब का बचाव नहीं कर पाएंगे। उन्होंने जकार्ता 2018 और हांगझोउ 2023 में स्वर्ण पदक जीता था।
नीरज की जगह यशवीर सिंह को मौका
AFI ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में यशवीर सिंह को शामिल किया है। उनके साथ रोहित यादव भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। नीरज को पहले 73 सदस्यीय टीम में जगह दी गई थी, लेकिन चोट के कारण अब उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा।
यशवीर ने हाल में ग्लास्गो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक जीतकर अपनी दावेदारी मजबूत की थी। नीरज की गैरमौजूदगी में अब उनसे भारत को जैवलिन थ्रो में पदक की उम्मीद होगी।
तेजस शिरसे भी टीम से बाहर
नीरज चोपड़ा के अलावा भारत को 110 मीटर बाधा दौड़ में भी झटका लगा है। ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान पैर में दो स्ट्रेस फ्रैक्चर झेलने वाले तेजस शिरसे को टीम से बाहर कर दिया गया है।
वहीं, शुरुआती टीम में छह नए खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें 200 मीटर धावक हरिता भद्रा, 400 मीटर धाविका किरण पहल, पोल वॉल्टर सिंधुश्री जी, ट्रिपल जंपर लाशा इलांगोवान, डिस्कस थ्रोअर सान्या यादव और हैमर थ्रोअर प्रवीण कुमार शामिल हैं।
चार चैंपियन करेंगे खिताब बचाने की कोशिश
भारतीय एथलेटिक्स टीम में हांगझोउ एशियन गेम्स के 15 पदक विजेता और चैंपियन शामिल हैं। इनमें चार ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 2023 में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता था और इस बार अपने खिताब का बचाव करने उतरेंगे।
इनमें अविनाश साबले, तजिंदरपाल सिंह तूर, पारुल चौधरी और अन्नू रानी शामिल हैं। साबले ने हांगझोउ में 3000 मीटर स्टीपलचेज में स्वर्ण और 5000 मीटर में रजत पदक जीता था। तजिंदरपाल सिंह तूर शॉटपुट में लगातार तीसरा एशियन गेम्स स्वर्ण जीतने के इरादे से उतरेंगे। वहीं पारुल चौधरी को 1500 मीटर, 3000 मीटर स्टीपलचेज और 5000 मीटर में चुना गया है। अन्नू रानी भाला फेंक में अपने खिताब का बचाव करेंगी।
इन एथलीटों पर भी रहेंगी नजरें
महिला 100 मीटर बाधा दौड़ की स्टार ज्योति याराजी भी टीम का हिस्सा हैं। हांगझोउ में रजत पदक जीतने वाली ज्योति इस बार स्वर्ण पदक हासिल करने की कोशिश करेंगी।
लंबी कूद में मुरली श्रीशंकर भारत की प्रमुख उम्मीद होंगे। इसके अलावा तेजस्विन शंकर, गुलवीर सिंह, मोहम्मद अफजल, एंसी सोजन, प्रवीण चित्रवेल और विथ्या रामराज जैसे हांगझोउ पदक विजेता भी टीम में शामिल हैं।
हांगझोउ एशियन गेम्स में भारत का प्रदर्शन
हांगझोउ एशियन गेम्स में एथलेटिक्स भारत का सबसे सफल खेल रहा था। भारतीय एथलीटों ने कुल 29 पदक जीते थे। इनमें छह स्वर्ण, 14 रजत और नौ कांस्य पदक शामिल थे।
इस बार भी भारतीय एथलेटिक्स टीम से बड़ी संख्या में पदकों की उम्मीद है। हालांकि, नीरज चोपड़ा की गैरमौजूदगी भारत के लिए बड़ा झटका है। उनकी जगह यशवीर सिंह और रोहित यादव पर जैवलिन थ्रो में देश की उम्मीदें रहेंगी।





