थाने में सांप देखते ही बाहर निकले पुलिसकर्मी, स्नेक कैचर ने किया रेस्क्यू

अलवर जिले के राजगढ़ थाना परिसर में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मेस के पास करीब 8 फीट लंबा ‘घोड़ा पछाड़’ सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही थाने में मौजूद पुलिसकर्मी बाहर निकल आए और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलने पर थानाधिकारी राजेश मीणा ने नगरपालिका कर्मचारी और स्नेक रेस्क्यू टीम सदस्य जुगनू तंबोली को बुलाया। जुगनू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। बाद में सांप को जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।

रेस्क्यू के दौरान कुछ लोग सांप के बेहद करीब पहुंच गए और उसे छूने की कोशिश करते नजर आए। इस दौरान एक पुलिसकर्मी सांप की पूंछ पकड़कर मजाक करता दिखाई दिया, जिसका वीडियो भी सामने आया है। वहीं सांप ने अचानक पलटवार की कोशिश की तो मौके पर मौजूद लोग घबरा गए।

रेस्क्यू टीम ने लोगों से वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने और ऐसे मामलों में केवल प्रशिक्षित टीम को ही बुलाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button