संसद की सीढ़ियों पर लड़खड़ाए शशि थरूर, पास खड़े अखिलेश यादव ने संभाला

संसद सत्र के बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कांग्रेस सांसद शशि थरूर संसद भवन की सीढ़ियों पर अचानक संतुलन खोते हुए नजर आते हैं। इस दौरान पास खड़े समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने तुरंत आगे बढ़कर उन्हें संभाल लिया, जिससे वे गिरने से बच गए।
वायरल वीडियो में दिखता है कि तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर फोन पर बात करते हुए सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ गया। मौके पर मौजूद अन्य सांसदों और सुरक्षाकर्मियों के बीच अखिलेश यादव ने फुर्ती दिखाते हुए उन्हें थाम लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में थरूर को कोई चोट नहीं आई।
घटना के बाद आसपास मौजूद सांसदों ने उनका हालचाल जाना। यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है और अखिलेश यादव की तत्परता की सराहना की जा रही है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब संसद में सत्ता और विपक्ष के बीच तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। लोकसभा में हंगामे के आरोप में विपक्ष के आठ सांसदों को निलंबित भी किया जा चुका है, जिससे राजनीतिक माहौल और गरमा गया है।





