अखिलेश यादव बरेली हवाई अड्डे पर, कार्यक्रम में बदलाव के बाद हेलीकॉप्टर से रामपुर

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को प्राइवेट वायुयान से सुबह करीब 11 बजे बरेली हवाई अड्डे पर पहुंचे। ऐन वक्त पर कार्यक्रम में बदलाव कर उन्होंने सड़क मार्ग की बजाय निजी हेलीकॉप्टर से रामपुर के लिए उड़ान भरी।
अखिलेश यादव का स्वागत आंवला से सपा सांसद नीरज मौर्य, जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी और जिले के दोनों सपा विधायकों ने किया। हवाई अड्डे पर सपा कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी रही, जबकि सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात था।
जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव रामपुर में पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां से मुलाकात करेंगे, जो हाल ही में जेल से जमानत पर रिहा हुए हैं।





