एयर इंडिया फ्लाइट में टर्बुलेंस के बाद पायलट का डोप टेस्ट, नियमों पर उठे सवाल; कंपनी ने साफ की स्थिति

फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में तेज टर्बुलेंस के बाद पायलटों के पोस्ट-फ्लाइट डोप टेस्ट को लेकर सवाल उठे हैं। सूत्रों के हवाले से टेस्ट में कैप्टन के पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी सामने आई है, लेकिन एयर इंडिया ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
लैंडिंग के बाद हुआ पोस्ट-फ्लाइट टेस्ट
फ्लाइट संख्या AI-2379 ने 4 अगस्त को सुबह 8:41 बजे फुकेट से 134 यात्रियों के साथ दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। दिल्ली पहुंचने से पहले विमान क्रूज चरण में तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गया।
यात्रियों के अनुसार, विमान करीब दो से तीन मिनट तक तेज झटकों से डगमगाता रहा। टर्बुलेंस की तीव्रता इतनी अधिक थी कि विमान के केबिन की सीलिंग को भी नुकसान पहुंचा।
दिल्ली में लैंडिंग के बाद पायलटों का पोस्ट-फ्लाइट स्क्रीनिंग टेस्ट किया गया। इसी टेस्ट को लेकर कैप्टन के कथित तौर पर पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी सामने आई है।
एयर इंडिया ने क्या कहा?
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने पायलट के डोप टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने की न तो पुष्टि की है और न ही इसे खारिज किया है। एयरलाइन के मुताबिक, नागरिक उड्डयन नियमों के तहत क्रू सदस्यों का पोस्ट-फ्लाइट स्क्रीनिंग टेस्ट किया गया था।
प्रवक्ता ने कहा कि टेस्ट के नतीजे अभी तक एयरलाइन के साथ साझा नहीं किए गए हैं। इसलिए फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना संभव नहीं है।
एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि क्रू सदस्यों के ड्रग टेस्ट नियमित प्रक्रिया का हिस्सा हैं और ये किसी विशेष उड़ान या ऑपरेशनल घटना से अलग भी किए जा सकते हैं।
DGCA कर रहा मामले की जांच
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) टर्बुलेंस की घटना की जांच कर रहा है। जांच में यह देखा जा रहा है कि टर्बुलेंस के दौरान पायलटों ने स्थिति को किस तरह संभाला और घटना के पीछे मौसम या कोई अन्य कारण था।
इसके अलावा विमान के हाइड्रोलिक सिस्टम पर संभावित असर और फ्लाइट को दिल्ली लाने के बजाय किसी नजदीकी एयरपोर्ट पर डायवर्ट नहीं किए जाने जैसे पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल उड़ान ड्यूटी से हटाए गए पायलट
मौजूदा नियमों और प्रोटोकॉल के तहत जांच पूरी होने तक संबंधित क्रू सदस्यों को उड़ान ड्यूटी से हटाया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत इस फ्लाइट के पायलटों को भी फिलहाल उड़ान ड्यूटी से अलग रखा गया है।
फिलहाल पायलट के डोप टेस्ट के नतीजे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच और टेस्ट रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।





