तिहाड़ से बाहर आने के बाद सलीम वास्तिक के 2 वीडियो सामने आए, समर्थकों से की बातचीत

गाजियाबाद के एक्स-मुस्लिम यूट्यूबर सलीम वास्तिक के दो वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें वह खुद को तिहाड़ जेल से बाहर आने का दावा करता दिखाई दे रहा है। एक वीडियो में सलीम कहता है कि वह जेल से रिहा हो चुका है, जबकि दूसरे वीडियो में वह दावा करता है कि उसने जेल में सम्मान के साथ समय बिताया और अब मुसलमानों की शिक्षा और सामाजिक सुधार के लिए काम करेगा।
हालांकि, गाजियाबाद पुलिस ने वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कब और कहां रिकॉर्ड किए गए। अधिकारियों के अनुसार, सलीम वास्तिक एक पुराने अपहरण और हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पा चुका है और हाल ही में उसे दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल सलीम गाजियाबाद में मौजूद नहीं है। उसके परिवार और पड़ोसियों ने भी उसके घर लौटने की पुष्टि नहीं की है। मामले को लेकर गाजियाबाद और दिल्ली पुलिस के बीच जानकारी साझा की जा रही है।
सलीम वास्तिक पिछले कुछ वर्षों से सोशल मीडिया और टीवी डिबेट्स में इस्लाम और धार्मिक मुद्दों पर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहा है। इसी साल फरवरी में उस पर जानलेवा हमला भी हुआ था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।





