गुजरात सड़क हादसे में मृत सैनिकों के परिजनों से मिले कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, हर संभव मदद का दिया भरोसा

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी बुधवार को कोटद्वार पहुंचे। यहां उन्होंने गुजरात में हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सैनिकों और उनके परिवारों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। मंत्री ने शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि सरकार दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़ी है। साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा देने संबंधी मांग पर भी आवश्यक कदम सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
गुजरात हादसे में तीन परिवारों के सात लोगों की मौत
बता दें कि 21 नवंबर को गुजरात के कच्छ में हुए भीषण सड़क हादसे में कोटद्वार निवासी तीन परिवारों के सात लोगों की मौत हो गई थी। हादसे में गढ़वाल राइफल्स के नायक सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता नेगी और बेटी शिविका की जान चली गई।
वहीं, सेकंड गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक राजेश सिंह रावत और उनकी बेटी रक्षिता भी हादसे में मृतकों में शामिल थे। इसके अलावा नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गोसाईं और उनकी मासूम बेटी वामिका की भी हादसे में मौत हो गई।
परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मृतक सैनिकों के आवास पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उनके दुख में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के साथ हमेशा खड़ी है। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्य को सरकारी सेवा देने की मांग पर भी भरोसा दिलाया कि इसे सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
हादसे में एक साथ सात लोगों की मौत से तीनों परिवारों में शोक का माहौल है।





