टाटा संस लिस्टिंग विवाद: शापूर मिस्त्री के पीएम मोदी को दो पत्र, कंपनी ने लिस्टिंग से बचने के लिए उठाए कई कदम

देश के बड़े कारोबारी समूहों में शामिल टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस की शेयर बाजार में लिस्टिंग को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। शापूरजी पालोनजी (एसपी) ग्रुप के चेयरमैन शापूर मिस्त्री ने टाटा संस के अनिवार्य आईपीओ को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दो बार हस्तक्षेप की अपील की है। आरबीआई से सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत मिले दस्तावेजों के सामने आने के बाद कंपनी में मालिकाना हक, कॉरपोरेट नियंत्रण और नियामकीय अनुपालन को लेकर चल रही खींचतान चर्चा में आ गई है।
टाटा संस में सबसे बड़े अल्पसंख्यक शेयरधारक एसपी ग्रुप की ओर से अपनी हिस्सेदारी के मूल्य को भुनाने के लिए लिस्टिंग की मांग की जा रही है, जबकि टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा लिस्टिंग के पक्ष में नहीं बताए जा रहे हैं। इस मुद्दे पर कंपनी के भीतर मतभेद लगातार सामने आ रहे हैं।
शापूर मिस्त्री ने पीएम मोदी को दो बार लिखा पत्र
आरटीआई के तहत सामने आए दस्तावेजों के मुताबिक, शापूर मिस्त्री ने अक्तूबर 2025 और जून 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दो पत्र भेजे थे।
24 अक्तूबर 2025 को भेजे गए पत्र को ‘दीपावली लेटर ऑफ फेथ, होप एंड धर्म’ नाम दिया गया था। इसमें मिस्त्री ने मामले में निष्पक्षता और धर्म के आधार पर हस्तक्षेप करने का आग्रह किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि टाटा ट्रस्ट्स निजी हितों और सत्ता के लिए टाटा संस को बंधक बना रहा है। साथ ही, आरबीआई के नियमों के उल्लंघन और लिस्टिंग की समय-सीमा चूकने को लेकर भी सवाल उठाए थे।
इसके बाद 12 जून 2026 को शापूर मिस्त्री ने प्रधानमंत्री को दूसरा पत्र भेजा। वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग ने इन पत्रों को आरबीआई के पास भेज दिया था। हालांकि, सामने आए रिकॉर्ड में इस बात का प्रमाण नहीं है कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने इन पत्रों पर कोई जवाब दिया या मिस्त्री को मुलाकात का समय दिया।
टाटा संस पर लिस्टिंग का नियामकीय दबाव क्यों?
टाटा संस पर शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने का दबाव सितंबर 2022 में बढ़ा, जब भारतीय रिजर्व बैंक ने कंपनी को अपर-लेयर नॉन बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC-UL) के रूप में वर्गीकृत किया था।
इस वर्गीकरण के तहत ऐसी कंपनियों को तीन साल के भीतर शेयर बाजार में सूचीबद्ध होना अनिवार्य था। इसके लिए 30 सितंबर 2025 की समय-सीमा तय की गई थी।
लिस्टिंग की बाध्यता से बचने के लिए टाटा संस ने 21,000 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज चुकाया और मार्च 2024 में कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी (CIC) का दर्जा वापस करने के लिए आवेदन किया। हालांकि, 29 महीने तक लंबित रहने के बाद आरबीआई ने 11 सितंबर 2026 को इस आवेदन को खारिज कर दिया।
31 मार्च 2026 तक टाटा संस की कुल परिसंपत्तियां करीब 2.01 लाख करोड़ रुपये थीं, जो नियामकीय सीमा एक लाख करोड़ रुपये से काफी अधिक हैं। इसके बाद 16 नवंबर को आरबीआई ने कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) सौरभ अग्रवाल को पत्र लिखकर लिस्टिंग की अनिवार्यता सहित सभी नियामकीय नियमों का पालन करने का निर्देश दिया।
नोएल टाटा और बोर्ड के बीच किस बात पर मतभेद?
टाटा संस में टाटा ट्रस्ट्स की 65.9 प्रतिशत हिस्सेदारी है। कंपनी की लिस्टिंग को लेकर टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा और बोर्ड के अन्य सदस्यों के बीच मतभेद सामने आए हैं।
17 सितंबर को हुई बोर्ड बैठक में लिस्टिंग की तैयारी और चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को फरवरी 2027 से अगले पांच साल के लिए सेवा विस्तार देने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड में 4:1 के बहुमत से फैसला हुआ, लेकिन नोएल टाटा ने दोनों प्रस्तावों पर असहमति दर्ज कराई।
नोएल टाटा आईपीओ के बजाय टाटा संस में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम्स सॉल्यूशंस और टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स के विलय की वकालत कर रहे हैं। माना जा रहा है कि इस विकल्प के जरिए कंपनी का वर्गीकरण बदलने और लिस्टिंग की बाध्यता से बचने की कोशिश की जा सकती है।
एजेंडा और नोटिस को लेकर नोएल टाटा की आपत्तियों के बाद 26 नवंबर को होने वाली बोर्ड बैठक को स्थगित कर 30 नवंबर कर दिया गया है।
दोनों पक्षों के लिए क्या मायने रखती है लिस्टिंग?
टाटा संस में 18.37 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले एसपी ग्रुप के लिए लिस्टिंग अपनी हिस्सेदारी के मूल्य को आंशिक रूप से भुनाने और कर्ज घटाने का एक बड़ा रास्ता मानी जा रही है। शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद कंपनी में आम जनता और संस्थागत निवेशकों की भागीदारी बढ़ सकती है। इससे कंपनी सार्वजनिक ऑडिट और बाजार की निगरानी के दायरे में भी आएगी।
दूसरी ओर, लिस्टिंग को लेकर टाटा ट्रस्ट्स की आपत्तियां और कंपनी के भीतर मतभेद इस मामले को और जटिल बना रहे हैं। 30 नवंबर की बोर्ड बैठक में यदि सहमति नहीं बनती है, तो टाटा संस को आरबीआई के नियामकीय कदमों और अल्पसंख्यक शेयरधारकों के कानूनी विरोध का सामना करना पड़ सकता है।





