यूपी की सियासत में 26 नवंबर को हलचल, सपा घोषणा-पत्र जारी करेगी; ओवैसी-चंद्रशेखर करेंगे शक्ति प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज होने जा रही है। संविधान दिवस यानी 26 नवंबर को लखनऊ में दो बड़े राजनीतिक आयोजन होंगे। इन आयोजनों के केंद्र में दलित, संविधान, सामाजिक न्याय और पीडीए से जुड़े मुद्दे रहेंगे। एक ओर समाजवादी पार्टी अपना चुनावी घोषणा-पत्र जारी करेगी, वहीं चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी संयुक्त महारैली के जरिए ताकत दिखाने की तैयारी में हैं।
रमाबाई अंबेडकर मैदान में चंद्रशेखर-ओवैसी की महारैली
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में संयुक्त महारैली करेंगे। इस रैली को ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ नाम दिया गया है।

आयोजकों की ओर से रैली में सात से दस लाख लोगों के जुटने का अनुमान जताया जा रहा है। रैली में संविधान की रक्षा, बहुजन अधिकार, सामाजिक न्याय, रोजगार, शिक्षा और आरक्षण जैसे मुद्दों पर जोर दिया जाएगा। दोनों दलों के नेतृत्व की ओर से साझा राजनीतिक संदेश देने और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति मजबूत करने की तैयारी है।
सपा जारी करेगी ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर पार्टी का चुनावी घोषणा-पत्र जारी करेंगे। इसे ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ नाम दिया गया है। इसके साथ पार्टी ‘सत्ताईस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र’ का नारा लेकर आगे बढ़ेगी।

पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन की देखरेख में तैयार किए जा रहे घोषणा-पत्र में संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण की रक्षा को प्रमुख मुद्दा बनाया गया है। इसके अलावा पीडीए, महिलाओं, युवाओं और कमजोर वर्गों के लिए रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय से जुड़े वादे शामिल किए जाने की तैयारी है।

पार्टी की योजना घोषणा-पत्र जारी करने के बाद अलग-अलग मंडलों और जिलों के लिए क्षेत्रीय घोषणा-पत्र भी लाने की है। चुनाव से काफी पहले घोषणा-पत्र जारी करने के पीछे पार्टी का उद्देश्य अपने मुद्दों को जनता तक पहुंचाने और जमीनी स्तर पर प्रचार के लिए पर्याप्त समय देना है।
कांग्रेस निकालेगी संविधान रक्षा मार्च
संविधान दिवस पर कांग्रेस भी प्रदेशभर में संविधान रक्षा मार्च आयोजित करेगी। लखनऊ में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शामिल होंगे।

मार्च नेहरू भवन स्थित गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद शुरू होगा। इसके बाद एनेक्सी होते हुए हजरतगंज स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचेगा, जहां पुष्पांजलि के साथ इसका समापन होगा।

कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी, पूर्व सांसद पीएल पुनिया और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के भी शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम संयोजक सांसद तनुज पुनिया के मुताबिक, आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रदेशभर के वरिष्ठ नेता इसमें हिस्सा लेंगे।

26 नवंबर को लखनऊ में होने वाले इन तीनों आयोजनों के जरिए प्रदेश की राजनीतिक पार्टियां संविधान, सामाजिक न्याय, आरक्षण और पीडीए जैसे मुद्दों के साथ 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने की कोशिश करेंगी।

Related Articles

Back to top button