पीएम मोदी बोले- नेपाल के बिना राम अधूरे, राम-जानकी की नगरी को जोड़ने की पहल; पुनर्निर्माण के लिए आर्थिक मदद का ऐलान

भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच अब सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया है। भारत और नेपाल के धार्मिक, सांस्कृतिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूती देने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का सोमवार को शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते केवल पड़ोसी देशों के संबंध नहीं, बल्कि साझा संस्कृति, आस्था और आत्मीयता से जुड़े हैं। पीएम मोदी ने कहा, नेपाल के बिना हमारे धाम और हमारे राम भी अधूरे हैं।
नेपाल के पुनर्निर्माण के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का पैकेज
प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भारत नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का विकास सहयोग पैकेज दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारत का प्रयास है कि प्रभावित परिवारों का जीवन फिर से पटरी पर आए, उनके लिए नए अवसर पैदा हों और नेपाल भविष्य में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए और अधिक सक्षम बने।
पीएम मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के विजन और दूरदर्शिता की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि हालिया बातचीत में नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों को लेकर बालेंद्र शाह की स्पष्ट सोच और प्रतिबद्धता दिखाई दी। उनका विजन नई पीढ़ी की आकांक्षाओं को दर्शाता है।
राम-जानकी की आस्था को जोड़ रही सरयू-कमला एक्सप्रेस
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंधों की नींव साझा इतिहास, संस्कृति और लोगों के बीच गहरे आत्मीय रिश्तों पर टिकी है। भगवान श्रीराम और माता सीता दोनों देशों की साझा आस्था और सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए देश और दुनिया से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। अब तक करीब 30 करोड़ श्रद्धालु अयोध्या की यात्रा कर चुके हैं। अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत इस पवित्र रिश्ते को नया आयाम देगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल मिलकर दोनों देशों के धार्मिक और आस्था से जुड़े स्थलों की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए काम करेंगे। नई रेल सेवा से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क भी मजबूत होगा।
उत्तराखंड-नेपाल के बीच चेकपोस्ट और सड़क संपर्क को मिलेगी गति
पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड और नेपाल के बीच धारचूला में सड़क पुल का उद्घाटन किया गया है और बनबसा में इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट की आधारशिला रखी गई है। नेपाल की ओर दोधारा चांदनी में बनने वाली इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट के विकास कार्यों को भी तेज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से दोनों देशों के बीच व्यापार और लोगों की आवाजाही आसान होगी। बिहार, उत्तर प्रदेश और भारत के अन्य राज्यों को नेपाल से जोड़ने वाली सड़क, रेल और सीमा कनेक्टिविटी परियोजनाओं को भी गति दी जाएगी। व्यापार को सुविधाजनक बनाने के लिए बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जाएगा।
जलविद्युत, कृषि और औद्योगिक विकास में सहयोग
प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल की नदियों में स्वच्छ ऊर्जा की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए जलविद्युत परियोजनाओं में सहयोग बढ़ाने की बात कही। उन्होंने लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना को समय पर पूरा करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल ऊर्जा सहयोग को आगे बढ़ाने के साथ कृषि और औद्योगिक विकास के लिए भी मिलकर काम करेंगे। नेपाल में एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने की दिशा में भी सहयोग किया जाएगा।
पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि बेहतर व्यापारिक कनेक्टिविटी, निवेश, ऊर्जा सहयोग और बुनियादी ढांचे के विकास से नेपाल की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। संबोधन के अंत में उन्होंने भारत-नेपाल मैत्री अमर रहे का उद्घोष करते हुए दोनों देशों के संबंधों का नया अध्याय लिखने का संकल्प दोहराया।





