यूपी: अखिलेश के मथुरा दौरे पर आचार्य शास्त्री की प्रतिक्रिया, 21 नवंबर को जाने का किया एलान

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अच्छे व्यक्ति हैं और वह उनके विरोधी नहीं हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश न तो उनकी कथा सुन पाएंगे और न ही करवा पाएंगे। आचार्य शास्त्री ने अखिलेश यादव को कथा सुनने के लिए आमंत्रित भी किया।
कुंडा के बेंती परेड ग्राउंड में मंगलवार से रामकथा की शुरुआत हुई है। कथा के समापन के बाद देर रात आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कथा की फीस, राजनीतिक विरोध और भगवान कृष्ण को लेकर दिए गए अपने बयान पर भी सफाई दी।
कथा के लिए श्रद्धा से बुलाएंगे तो जरूर जाएंगे
कथा की फीस को लेकर पूछे गए सवाल पर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि वह कोई वस्तु नहीं बेच रहे हैं और धर्म कोई धंधा नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कोई कथा खरीदने के भाव से बुलाएगा तो वह वहां नहीं जाएंगे, लेकिन श्रद्धा और भाव से आमंत्रित किया जाएगा तो जरूर जाएंगे।
भगवान कृष्ण पर दिए बयान को लेकर दी सफाई
भगवान कृष्ण को लेकर दिए गए अपने बयान पर सफाई देते हुए आचार्य शास्त्री ने कहा कि उनकी बात को राजनीतिक रंग दिया गया और लोगों के बीच भ्रम फैलाया गया। उन्होंने कहा, “हमारे तो नाम में ही कृष्ण है। हम 21 नवंबर को मथुरा जाने वाले हैं।”
उन्होंने कहा कि तीन घंटे की कथा को केवल 30 सेकेंड की क्लिप के आधार पर नहीं समझा जा सकता। लोगों ने कथा के एक छोटे हिस्से को काटकर प्रसारित किया, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हुई। उनका कहना था कि पूरी कथा सुनने के बाद यह भ्रम दूर हो जाएगा। कथा कहने वाला व्यक्ति भगवान कृष्ण की निंदा कैसे कर सकता है, जिसके अपने नाम में ही कृष्ण है।
कथा रोकने पर संविधान का दिया हवाला
विपक्ष की ओर से हो रहे विरोध को लेकर आचार्य शास्त्री ने कहा कि वह हर बात पर सफाई नहीं देते, क्योंकि वह अपना काम करने निकले हैं और अलग-अलग तरह की बातें होती रहती हैं। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 के तहत प्रत्येक व्यक्ति को अपने धर्म का प्रचार करने का अधिकार है।
उन्होंने कहा कि अगर कथा रोकी जाएगी तो नमाज और चर्च की प्रार्थना पर भी सवाल उठेंगे। ऐसा होने से व्यवस्था बिगड़ सकती है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज और सनातनी अब जागरूक हो रहे हैं और अपनी बात मुखरता से रख रहे हैं।
चुनावी साल से कथा को जोड़ने पर कही ये बात
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही कथाओं को लेकर जब उनसे पूछा गया कि क्या वह राजनीतिक लाभ पहुंचाने का काम कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि कथा सुनने वाले, करवाने वाले और आयोजन करने वाले सभी को इसका लाभ मिलता है। इससे साउंड, टीवी और न्यूज से जुड़े लोगों को भी काम मिलता है।
उन्होंने कहा कि उनकी कथाएं पूरे पांच साल होती हैं। केवल चुनावी साल होने के कारण कथाओं को चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। उनका कहना था कि वह चुनाव के लिए नहीं, बल्कि सनातन के लिए कथा करते हैं। उनका उद्देश्य सनातनियों को एकजुट करना है।
विभाजन को लेकर भी रखा अपना मत
देश में एक और विभाजन की जरूरत से जुड़े सवाल पर आचार्य शास्त्री ने कहा कि उनके अनुसार अभी पूर्ण विभाजन नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ऐसे हैं जिन्हें भारत में रहने से डर लगता है, जबकि देश सुरक्षित है। उन्होंने अपना मत रखते हुए कहा कि जो लोग भारत में सुरक्षित महसूस नहीं करते, उन्हें दूसरे देश जाने पर विचार करना चाहिए। वहीं, पाकिस्तान से भारत आना चाहने वाले हिंदुओं को भारत आने और यहां नागरिकता मिलने की बात भी कही।
आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि अगर कोई पूर्ण विभाजन चाहता है तो ऐसा हो जाना चाहिए।
शीर्षक को अधिक संतुलित बनाइएखबर की शुरुआत और स्पष्ट कीजिएकॉपी को थोड़ा संक्षिप्त करें





