अयोध्या: रामलला के दर्शन करने पहुंचेंगे अखिलेश यादव, एलान के बाद कारसेवकों के परिजनों ने उठाए सवाल

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे और रामलला के दर्शन के एलान पर विवाद शुरू हो गया है। वर्ष 1990 में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी में जान गंवाने वालों के परिजनों ने उनके दौरे पर नाराजगी जताई है। परिजनों का कहना है कि केवल माफी मांगने से उनके परिवारों का दर्द कम नहीं हो सकता।

कारसेवकों के परिजनों ने जताया विरोध

कारसेवक गोलीकांड में मारे गए अयोध्या निवासी वासुदेव गुप्ता की बेटी सीमा गुप्ता ने अखिलेश यादव के अयोध्या आने पर आपत्ति जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि राम मंदिर में दर्शन करने के पीछे अखिलेश यादव का क्या उद्देश्य है? सीमा गुप्ता का कहना है कि उनके परिवार ने गोलीकांड में अपने सदस्य को खोया है और इस घटना को भुलाना आसान नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि अखिलेश के अयोध्या आने से माहौल खराब हो सकता है।

कोठारी बंधुओं की बहन ने भी जताई नाराजगी

1990 के गोलीकांड में मारे गए रामकुमार और शरद कोठारी की बहन पूर्णिमा कोठारी ने भी अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन के फैसले पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि परिवार ने अपने अपनों को खोया है और उस पीड़ा को केवल माफी मांगने से भुलाया नहीं जा सकता।

पूर्णिमा कोठारी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव और उनकी पार्टी ने लंबे समय तक राम मंदिर आंदोलन का विरोध किया। ऐसे में उसी राजनीतिक विरासत से आने वाले अखिलेश यादव के रामभक्त होने के दावे को स्वीकार करना उनके लिए मुश्किल है।

कारसेवक की पत्नी बोलीं- परिवार उजड़ गया

गोलीकांड में जान गंवाने वाले कारसेवक रमेश पांडेय की पत्नी गायत्री पांडेय ने भी अखिलेश यादव के दौरे पर विरोध जताया। उन्होंने बताया कि इस घटना में उनका परिवार पूरी तरह उजड़ गया था। पति को खोने के बाद उन्होंने कठिन परिस्थितियों में परिवार का पालन-पोषण किया।

गायत्री पांडेय का कहना है कि माफी मांगने से उनके परिवार को हुए नुकसान की भरपाई नहीं हो सकती। उन्होंने अखिलेश यादव की राजनीति को उनके पिता मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल से जोड़ते हुए सवाल उठाए।

12 दिसंबर को प्रस्तावित है अखिलेश का अयोध्या दौरा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 12 दिसंबर को अयोध्या जाने और रामलला के दर्शन करने की योजना जताई है। उनके इस एलान के बाद अयोध्या में राजनीतिक और धार्मिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कारसेवकों के परिजनों ने जहां उनके दौरे पर आपत्ति जताई है, वहीं संत समाज के कुछ लोगों ने उनके अयोध्या आने को सकारात्मक संदेश बताया है।

Related Articles

Back to top button