साउथ के मशहूर कंपोजर अनिरुद्ध की शादी की पहली झलक, रजनीकांत समेत कई सितारे आए नजर

मशहूर संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन शादी के बंधन में बंध गए हैं। दोनों ने ग्रीस में निजी समारोह के दौरान सात फेरे लिए। अनिरुद्ध ने बुधवार को अपनी शादी की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा कीं, जिसके बाद कपल का वेडिंग लुक चर्चा में आ गया। शादी में सिनेमा और राजनीति जगत की कई हस्तियों के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है।
वेष्टी और जैकेट में दिखे अनिरुद्ध, लहंगे में सजीं काव्या
शादी के मौके पर अनिरुद्ध ने आइवरी रंग का पारंपरिक आउटफिट पहना। उन्होंने कुर्ते के साथ मैचिंग वेष्टी और बारीक कढ़ाई वाली लंबी जैकेट कैरी की। वहीं, काव्या ब्लश पिंक रंग के खूबसूरत लहंगे में नजर आईं। उनके लहंगे पर बारीक कढ़ाई और सीक्विन का काम किया गया था। दोनों का वेडिंग लुक क्लासिक और पारंपरिक अंदाज में दिखाई दिया।
अनिरुद्ध ने खास अंदाज में साझा की तस्वीरें
अनिरुद्ध ने इंस्टाग्राम पर शादी की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘मेरी जिंदगी में एक बार मिलने वाला, जो जिंदगी भर के लिए है।’ उन्होंने पोस्ट के साथ 11 नवंबर की तारीख भी लिखी। उनकी इस पोस्ट के बाद प्रशंसकों और शुभचिंतकों ने कपल को बधाइयां दीं।
सन पिक्चर्स ने दी शादी की बधाई
सन पिक्चर्स ने भी सोशल मीडिया पर अनिरुद्ध और काव्या की शादी की तस्वीरें साझा कीं। पोस्ट में दोनों को शादी की शुभकामनाएं दी गईं। बता दें कि काव्या मारन सन टीवी नेटवर्क की कार्यकारी निदेशक हैं।
21 नवंबर को चेन्नई में होगा रिसेप्शन
शादी के बाद अनिरुद्ध और काव्या का रिसेप्शन 21 नवंबर को चेन्नई में आयोजित किया जाएगा। इस तारीख की पुष्टि तेलंगाना मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से साझा की गई एक पोस्ट के जरिए हुई थी। पोस्ट के अनुसार, काव्या के माता-पिता ने मुख्यमंत्री को शादी का निमंत्रण दिया था।





