पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था आरोपी, पुलिस और सेना के जवान की हत्या की सुपारी लेने का आरोप; ATS ने दबोचा

उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने लखनऊ में पुलिस या सेना के जवान की हत्या की कथित साजिश के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें पंजाब के तीन युवक और एक नाबालिग शामिल है। एटीएस के मुताबिक, आरोपी प्रतिबंधित शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े थे और पाकिस्तानी हैंडलर के निर्देश पर वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।

जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपियों को हत्या के बाद वीडियो बनाकर भेजने के बदले तीन लाख रुपये देने का वादा किया गया था। एटीएस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल और 20 कारतूस बरामद किए हैं।

पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थे आरोपी

एटीएस को सूचना मिली थी कि शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े पंजाब के कुछ युवक पुलिस या सेना के किसी प्रतिष्ठान को निशाना बनाने की फिराक में हैं। जांच के दौरान गगनदीप सिंह और उसके साथियों के नाम सामने आए। आरोप है कि सभी पाकिस्तानी हैंडलर राना भाई के संपर्क में थे।

एटीएस ने 30 अक्टूबर को लखनऊ से चारों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 27 अक्टूबर को अमृतसर से दिल्ली होते हुए 29 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे लखनऊ पहुंचे थे। हैंडलर ने आने-जाने के किराये के लिए उन्हें 2,585 रुपये भेजे थे।

लखनऊ पहुंचकर भेजा रेलवे स्टेशन का वीडियो

एटीएस के मुताबिक, लखनऊ पहुंचने के बाद आरोपियों ने रेलवे स्टेशन का वीडियो बनाकर पाकिस्तानी हैंडलर को भेजा था। आरोपियों ने पूछताछ में यह भी बताया कि हैंडलर ने उन्हें पाकिस्तान से हथियार और कारतूस भेजे जाने की जानकारी दी थी।

आरोप है कि लखनऊ में हैंडलर के एक साथी ने उन्हें पिस्टल और कारतूस उपलब्ध कराए। इसके बाद पुलिस या सेना के जवान की हत्या कर उसका वीडियो भेजने के बदले तीन लाख रुपये देने का वादा किया गया था। वारदात के बाद आरोपियों को नेपाल जाकर छिपने के लिए कहा गया था।

मोबाइल फोन से मिले संदिग्ध संपर्क और रेकी के सबूत

एटीएस के अनुसार, आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में विदेशी नंबरों से बातचीत, संदिग्ध वीडियो और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की रेकी से जुड़ी जानकारी मिली है। आरोप है कि वे इन प्रतिष्ठानों की लोकेशन भी पाकिस्तानी हैंडलर को भेज रहे थे।

इस मामले में एटीएस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। एजेंसी अब आरोपियों के अन्य संभावित साथियों, साजिश में शामिल लोगों और पैसों के लेनदेन की जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

एटीएस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में गगनदीप सिंह (26) और रजत कुमार (19), दोनों अमृतसर के निवासी, दिश (21), गुरदासपुर का निवासी और एक नाबालिग शामिल है।

फिलहाल, एटीएस मामले की आगे की जांच कर रही है। आरोपियों के कथित नेटवर्क और साजिश से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button