यूपी में भाजपा विधायक को धमकी से हड़कंप, पाकिस्तान से कॉल आने का दावा; पुलिस ने शुरू की पड़ताल

मांट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक और पार्टी के प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी को कथित तौर पर पाकिस्तानी नंबर से धमकी भरे फोन आए हैं। विधायक ने मामले की शिकायत एसएसपी से की है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राजेश चौधरी के मुताबिक, 28 सितंबर की रात 10:38 बजे उनके मोबाइल पर पाकिस्तान के नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर उन्हें मुसलमानों के खिलाफ बयान देने से रोकने की बात कही और धमकी दी कि पाकिस्तान से बोल रहा है तथा भारत में मौजूद अपने साथियों के जरिए उनका इंतजाम कर देगा।

विधायक के अनुसार, रात 2:17 बजे उसी नंबर से दोबारा फोन आया। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर उन्हें और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। उसने खुद को लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा होने का भी दावा किया।

विधायक ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि इससे पहले भी उन्हें ऐसे पाकिस्तानी नंबरों से फोन आ चुके हैं। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

एसएसपी के अनुसार, मामले में कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस कॉल करने वाले की पहचान और धमकी की वास्तविकता की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button