SEBI सलाहकार बनकर निवेश का झांसा, देहरादून में 55 लाख की ठगी; छह अन्य शिकायतें भी मिलीं

55.50 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में उत्तराखंड एसटीएफ ने पंजाब के फाजिल्का से सुखवीर सिंह उर्फ सूक्कू (26) को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के मुताबिक, ठगी की रकम में से करीब 6 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में जमा हुए थे। जांच में उसके खाते से जुड़ी साइबर अपराध की छह अन्य शिकायतें भी सामने आई हैं।
व्हाट्सऐप ग्रुप से शुरू हुआ ठगी का जाल
पुलिस के अनुसार, पंडितवाड़ी निवासी चुन्नी लाल अग्निहोत्री को आरोपियों ने SBSBL कम्युनिटी/वीआईपी कम्युनिटी नाम के व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा था। ग्रुप में आरोपी खुद को SEBI रजिस्टर्ड सलाहकार बताकर निवेश पर मुनाफे का भरोसा दिलाते थे।
इसके बाद फर्जी ट्रेडिंग क्लासेज, डीमैट अकाउंट और CDSL/NSDL से जुड़े दस्तावेज दिखाकर पीड़ित को निवेश के लिए तैयार किया गया। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई गई।
मनीट्रेल से आरोपी तक पहुंची एसटीएफ
शिकायत के आधार पर वर्ष 2025 में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए ठगी की रकम की मनीट्रेल खंगाली। इसी दौरान रकम का लिंक फाजिल्का निवासी सुखवीर सिंह तक पहुंचा।
एसटीएफ के मुताबिक, आरोपी के खाते में शिकायतकर्ता से ठगी गई रकम में से 6 लाख रुपये पहुंचे थे। इसके बाद टीम ने पंजाब में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।
छह अन्य साइबर अपराधों की शिकायतें भी मिलीं
आरोपी के बैंक खाते की जांच में साइबर अपराध से जुड़ी छह अन्य शिकायतें सामने आई हैं। एसटीएफ अब इन मामलों और खाते में हुए लेनदेन की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश के नाम पर अधिक मुनाफे का लालच देने वाले अनजान लोगों और व्हाट्सऐप ग्रुप से सावधान रहें। किसी के साथ बैंकिंग जानकारी, OTP या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।





