21 दिन बाद शालू की जेल से रिहाई की उम्मीद, दवा कारोबारी हत्याकांड में पुलिस ने दाखिल की रिपोर्ट

दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में जेल भेजी गई शालू की आज 21 दिन बाद रिहाई हो सकती है। पुलिस ने जांच के बाद शालू को मामले में निर्दोष मानते हुए कोर्ट में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी है। सब कुछ ठीक रहा तो सोमवार को कोर्ट से रिहाई परवाना जारी हो सकता है।

पांच सितंबर को हुई थी विनीत मिनोचा की हत्या

कल्याणपुर के रतन ऑर्बिट निवासी दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की पांच सितंबर को उनके फ्लैट में घुसकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले में विनीत के पुराने नौकर विशाल गौतम और उसके साथी राजकिशोर को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

जांच के दौरान विशाल ने पुलिस को बताया था कि उसने विनीत की बहू शालू के कहने पर हत्या की। इसके बाद पुलिस ने शालू को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

जांच में सामने आया बेटे सुब्रत का नाम

पुलिस ने विशाल, राजकिशोर और शालू से पूछताछ के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड ली। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस के मुताबिक, मामले का मुख्य साजिशकर्ता विनीत का बेटा सुब्रत सामने आया। पुलिस ने जांच के दौरान कई अहम साक्ष्य भी जुटाए।

इसके बाद पुलिस ने शालू की भूमिका की दोबारा जांच की और उसे हत्याकांड में निर्दोष पाया। इसी आधार पर पुलिस ने कोर्ट में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की है।

रिहाई के बाद बेटे के पास जाएगी शालू

शालू के परिजनों के मुताबिक, उन्हें शुरुआत से ही भरोसा था कि वह हत्या में शामिल नहीं हो सकती। रिहाई के बाद शालू अपने बेटे श्रीजय के पास जाएगी, जो फिलहाल अपने नाना-नानी के साथ रह रहा है।

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने कहा कि शालू का विनीत हत्याकांड में कोई दोष नहीं पाया गया है। उसे रिहा कराने के लिए कोर्ट में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की गई है और सब कुछ ठीक रहा तो सोमवार को वह जेल से बाहर आ सकती है।

Related Articles

Back to top button