राज्यसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड भाजपा की अहम बैठक आज, तीन नामों का पैनल होगा तैयार

उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए भाजपा में दावेदारों को लेकर हलचल तेज है। पार्टी की कोर कमेटी की बैठक शुक्रवार को होगी। बैठक में संभावित उम्मीदवारों के तीन नामों का पैनल तैयार किए जाने की संभावना है। इसके बाद पार्टी के अगले कदम को लेकर तस्वीर साफ हो सकती है।
राज्यसभा प्रत्याशी के चयन में इस बार गढ़वाल और कुमाऊं के क्षेत्रीय संतुलन पर भी चर्चा होने की संभावना है। वर्तमान में उत्तराखंड से राज्यसभा के तीनों सांसद गढ़वाल क्षेत्र से हैं। इनमें महेंद्र भट्ट, डॉ. कल्पना सैनी और नरेश बंसल शामिल हैं।
कुमाऊं क्षेत्र से आखिरी बार भगत सिंह कोश्यारी राज्यसभा पहुंचे थे। उनका कार्यकाल 2008 से 2014 तक रहा था। इसके बाद कुमाऊं के किसी नेता को राज्यसभा में प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। ऐसे में इस बार कुमाऊं से उम्मीदवार बनाए जाने की संभावनाओं पर भी चर्चा है।
वहीं, वैश्य समाज को प्रतिनिधित्व देने के समीकरण पर भी पार्टी के भीतर विचार की चर्चा है। पूर्व मंत्री और ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल का नाम भी संभावित दावेदारों में चर्चा में है। बताया जा रहा है कि उन्होंने बृहस्पतिवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की थी।
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा के लिए क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरण भी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। हालांकि अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व द्वारा पैनल पर विचार के बाद किया जाएगा।





