टीम इंडिया में दिखी जबरदस्त बॉन्डिंग, कप्तान-उपकप्तान की जुगलबंदी और अभिषेक-ईशान की तस्वीरों ने लूटी महफिल

एशियन गेम्स 2026 के लिए जापान पहुंची भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम मैदान पर उतरने से पहले वहां के माहौल का आनंद ले रही है। खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर जापान में बिताए पलों की तस्वीरें साझा की हैं। इनमें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की ‘नोबिता’ वाली पोस्ट, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की रेस्टोरेंट में तस्वीर और कप्तान श्रेयस अय्यर-उपकप्तान तिलक वर्मा की जुगलबंदी ने ध्यान खींचा।

वैभव ने शेयर की ‘नोबिता के शहर’ की तस्वीरें

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने जापान पहुंचने के बाद कई तस्वीरें साझा कीं। करीब तीन-चार तस्वीरों वाली पोस्ट में उन्होंने जापान की झलक दिखाई। वैभव ने कैप्शन में लिखा, ‘रिपोर्टिंग फ्रॉम नोबिता’ज सिटी’। उनका यह अंदाज लोकप्रिय जापानी कार्टून किरदार नोबिता की ओर इशारा करता है।

रेस्टोरेंट में साथ नजर आए अभिषेक और ईशान

अभिषेक शर्मा और ईशान किशन भी जापान में साथ नजर आए। दोनों की रेस्टोरेंट की तस्वीर सामने आई है। मैदान पर आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले दोनों खिलाड़ी इस तस्वीर में क्रिकेट से इतर आराम के पलों का आनंद लेते दिखे।

कप्तान-उपकप्तान की जोड़ी ने भी खींचा ध्यान

श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा की तस्वीर भी चर्चा में रही। दोनों मैदान से बाहर हल्के-फुल्के अंदाज में नजर आए। एशियन गेम्स अभियान में श्रेयस टीम की कप्तानी कर रहे हैं, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान हैं।

28 सितंबर को क्वार्टर फाइनल खेलेगा भारत

पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में भारत को सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला है। टीम अपना क्वार्टर फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को खेलेगी। इसके बाद सेमीफाइनल एक अक्तूबर और पदक मुकाबले तीन अक्तूबर को होने हैं।

भारत एशियन गेम्स में मौजूदा चैंपियन के तौर पर उतर रहा है। 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता था। अब श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली टीम उस सफलता को दोहराने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।

Related Articles

Back to top button