पुराने अनुभव और नई टीम के साथ नितिन नवीन की बैठक, 2027 चुनाव पर हुआ मंथन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को सहारनपुर में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पूर्व और वर्तमान जनप्रतिनिधियों व पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। करीब ढाई घंटे चली दो बैठकों में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन और चुनावी तैयारियों पर चर्चा हुई।

अंबाला रोड स्थित एक रिसॉर्ट में नितिन नवीन ने पहले पश्चिमी यूपी के पूर्व जनप्रतिनिधियों और पूर्व पदाधिकारियों के साथ बैठक की। करीब दो घंटे चली इस बैठक में उनके अनुभव, संगठन के साथ तालमेल और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।

वर्तमान पदाधिकारियों के साथ भी बैठक

पहली बैठक के बाद नितिन नवीन ने वर्तमान जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ करीब आधे घंटे तक बैठक की। इसमें 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन की स्थिति पर चर्चा हुई। बैठक में संभावित उम्मीदवारों से जुड़े समीकरणों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

दोनों बैठकों के दौरान मीडिया की एंट्री प्रतिबंधित रही।

रविदास मंदिर में किया पूजन

बैठकों के बाद नितिन नवीन ओजपुरा पहुंचे। यहां उन्होंने रविदास मंदिर में पूजन किया। इसके बाद वह अनुसूचित जाति के एक कार्यकर्ता के घर पहुंचे और भोजन किया। इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

विकास कार्यों को लेकर गिनाईं उपलब्धियां

सहारनपुर में नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश की पहचान माफिया से जोड़ी जाती थी, जबकि अब उत्तर प्रदेश विकास, एक्सप्रेसवे और नए औद्योगिक क्षेत्रों के लिए जाना जा रहा है।

उन्होंने सेमीकंडक्टर और एआई जैसे क्षेत्रों में प्रदेश की गतिविधियों का भी जिक्र किया। नितिन नवीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मिसाइल निर्माण समेत कई क्षेत्रों में काम हो रहा है और प्रदेश आगे बढ़ रहा है।

Related Articles

Back to top button