अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: चार्जशीट तैयार, जल्द अदालत में दाखिल करने की तैयारी

राम मंदिर के चढ़ावे की रकम चोरी के मामले में पुलिस की विवेचना निर्णायक दौर में पहुंच गई है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आठों आरोपियों के खिलाफ आरोपों की पुष्टि के लिए पर्याप्त साक्ष्य जुटाने का दावा किया है। करीब सात हजार पन्नों की केस डायरी तैयार कर ली गई है और 22 व 23 सितंबर को चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी है।

चार्जशीट में आरोपियों के बयान, घटनास्थल और मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज, बरामद नकदी, वाहन, आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है। पुलिस अब इन सभी साक्ष्यों का आपस में मिलान कर आरोपियों की भूमिका से जुड़ी कड़ियों को अंतिम रूप देने में जुटी है।

70 से अधिक बार चढ़ावे की रकम निकालने या छिपाने की गतिविधि

शुरुआती जांच में मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के दौरान 27 अप्रैल से पांच जून के बीच 70 से अधिक बार चढ़ावे की रकम को छिपाने या निकालने की गतिविधियां सामने आने की बात कही गई थी। पुलिस का दावा है कि मामले में पर्याप्त साक्ष्य जुटाए जा चुके हैं।

चार्जशीट से पहले साक्ष्यों की कानूनी मजबूती पर जोर

जोन स्तर पर भी जांच के प्रमुख बिंदुओं की समीक्षा हो चुकी है। चार्जशीट दाखिल करने से पहले केस डायरी में शामिल साक्ष्यों की कानूनी मजबूती और आरोपियों की भूमिका को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

फिर बढ़ने लगी विदेशी श्रद्धालुओं की संख्या

चढ़ावा चोरी की घटना के बाद राम मंदिर में विदेशी श्रद्धालुओं की संख्या में आई गिरावट अब दूर होने लगी है। नई व्यवस्थाओं और पारदर्शिता की दिशा में किए जा रहे बदलावों के बीच श्रद्धालुओं का भरोसा बढ़ने की बात सामने आई है। शुक्रवार को अमेरिका से आए 10 श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए, जिनमें सात महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे।

Related Articles

Back to top button