माउंट मिजिरगी पर टूटा कहर: हिमस्खलन की चपेट में आया पर्वतारोहियों का दल, 11 की मौत

रूस के उत्तरी काकेशस इलाके में रविवार को भीषण हिमस्खलन की चपेट में आने से 11 पर्वतारोहियों की मौत हो गई, जबकि छह लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसा काबारडिनो-बाल्कारिया क्षेत्र के बेजेंगी गॉर्ज में हुआ। खराब मौसम और दोबारा हिमस्खलन के खतरे के कारण राहत एवं बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार रविवार शाम करीब पांच बजे 5,025 मीटर ऊंचे माउंट मिजिरगी से बर्फ का बड़ा हिस्सा नीचे की ओर आया और 33 पर्वतारोहियों के दल को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद बचाव दल और एमआई-8 हेलीकॉप्टर को मौके पर भेजा गया। तीन लोगों को सुरक्षित निकालकर नालचिक पहुंचाया गया।

स्थानीय इमरजेंसी सर्विस के अनुसार, सोमवार सुबह तक 10 पर्वतारोही खुद पहाड़ से नीचे उतर आए थे, जबकि छह लोगों का अभी पता नहीं चल सका है। खोज और बचाव अभियान में 50 से अधिक आपातकालीन कर्मी जुटे हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और लगातार हिमस्खलन के खतरे के चलते अभियान प्रभावित हो रहा है।

इस साल पर्वतारोहियों के लिए दूसरी बड़ी त्रासदी

इस साल पर्वतारोहियों की बड़ी संख्या में मौत का यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले 30 जुलाई को पाकिस्तान के गिलगित-बाल्टिस्तान स्थित ब्रॉड पीक पर हिमस्खलन की घटना हुई थी। इस हादसे में विश्वविख्यात पर्वतारोही निर्मल पुरजा (निम्सदाई) समेत 10 पर्वतारोहियों की मौत हुई थी।

Related Articles

Back to top button