कानपुर में दर्दनाक हादसा: ट्रेनी विमान हुआ क्रैश, धमाके के बाद खेत में मिला मलबा; दो पायलटों की मौत

कानपुर में बड़ा विमान हादसा: खेत में गिरा ट्रेनी एयरक्राफ्ट, दो पायलटों की दर्दनाक मौत
कानपुर में गुरुवार दोपहर बड़ा विमान हादसा हो गया। कटरी क्षेत्र के नत्थूपुरवा गांव के पास एक ट्विन इंजन ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अचानक अनियंत्रित होकर खेतों में जा गिरा। विमान के जमीन पर गिरते ही तेज धमाके की आवाज गूंजी और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में विमान में सवार दोनों ट्रेनी पायलटों की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान अचानक नीचे की ओर आया और तेज आवाज के साथ खेत में क्रैश हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और आपातकालीन राहत टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीम ने विमान के मलबे से दोनों पायलटों को बाहर निकाला। एक पायलट की हालत बेहद गंभीर होने पर उसे तुरंत हैलट अस्पताल भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर उड़ान के दौरान ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अनियंत्रित कैसे हुआ? पुलिस और संबंधित एजेंसियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच के बाद ही विमान हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी।





