यश का धमाकेदार कमबैक! टॉक्सिक की बंपर ओपनिंग, पहले दिन ही बना डाले कमाई के रिकॉर्ड

यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ ने रिलीज के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है। 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस पैन इंडिया फिल्म को देखने के लिए सुबह से ही दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। दोपहर तीन बजे तक के आंकड़ों के अनुसार फिल्म ने भारत में 57.27 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया, जबकि नेट कमाई 48.53 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
‘टॉक्सिक’ को हिंदी पट्टी में सबसे ज्यादा जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। शुरुआती आंकड़ों में हिंदी वर्जन ने करीब 24.27 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि कन्नड़ में 13.93 करोड़, तेलुगु में 7.25 करोड़, तमिल में 2.34 करोड़ और मलयालम में 74 लाख रुपये का कारोबार दर्ज किया गया। देशभर में फिल्म के करीब 12,779 शो चल रहे हैं और शाम व रात के शो के बाद कमाई में और बड़ा उछाल आने की उम्मीद है।
पहले दिन की कमाई के मामले में ‘टॉक्सिक’ ने साल 2026 की कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक यश की फिल्म ने ‘आवारापन 2’, ‘अल्फा’, ‘वेलकम टू द जंगल’, ‘धमाल 4’ और ‘कॉकटेल 2’ जैसी फिल्मों की ओपनिंग को पछाड़ दिया है। फिल्म की बंपर शुरुआत ने साफ कर दिया है कि यश का स्टारडम बॉक्स ऑफिस पर एक बार फिर जबरदस्त असर दिखा रहा है।
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक’ एक बड़े बजट की एक्शन फिल्म है, जिसमें यश के साथ कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, नयनतारा, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया अहम भूमिकाओं में नजर आ रही हैं। रिलीज के पहले दिन मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब सभी की नजर फिल्म के फाइनल डे-1 कलेक्शन और आने वाले दिनों में इसके बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड पर टिकी हुई है।





