दिल्ली पुलिस के 17 कर्मियों को मिला सम्मान, दो को राष्ट्रपति और 15 को सराहनीय सेवा पदक

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली पुलिस के 17 अधिकारियों और जवानों को उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। इनमें अपर पुलिस आयुक्त दिनेश कुमार गुप्ता और सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया, जबकि 15 अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को सराहनीय सेवा पदक मिला।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस वर्ष दिल्ली पुलिस के किसी अधिकारी या कर्मचारी को वीरता के लिए गैलेंट्री अवॉर्ड नहीं दिया गया है।
यातायात व्यवस्था में दिनेश कुमार गुप्ता की अहम भूमिका
अपर पुलिस आयुक्त दिनेश कुमार गुप्ता ने दिल्ली पुलिस में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं। वर्तमान में वह अपर पुलिस आयुक्त (यातायात) के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली की यातायात व्यवस्था संभाल रहे हैं। इससे पहले उन्हें वर्ष 2018 में भी सराहनीय सेवा पदक मिल चुका है।
सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने वर्ष 1988 में दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के रूप में सेवा शुरू की थी। उन्होंने विभिन्न जिम्मेदारियों पर काम किया और क्वार्टर आवंटन सेल की वेबसाइट के व्यवस्थित प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें वर्ष 2005 में सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया गया था।
सुरेंद्र कुमार और नूपुर प्रसाद को भी सम्मान
संयुक्त पुलिस आयुक्त सुरेंद्र कुमार को पुलिसिंग, आव्रजन प्रबंधन और आंतरिक सुरक्षा प्रणालियों को मजबूत करने में योगदान के लिए सराहनीय सेवा पदक दिया गया। वर्ष 2015 में उन्होंने दिल्ली पुलिस में ई-बीट बुक प्रणाली तैयार कर शुरू की थी, जिससे पुलिसिंग में डिजिटलीकरण और जवाबदेही को बढ़ावा मिला। वर्तमान में वह अपराध शाखा में संयुक्त पुलिस आयुक्त हैं।
संयुक्त पुलिस आयुक्त नूपुर प्रसाद ने शाहदरा जिले की पहली डीसीपी के रूप में कार्य किया। वर्तमान में आर्थिक अपराध शाखा में संयुक्त पुलिस आयुक्त के तौर पर उन्होंने ट्रायल मॉनिटरिंग के लिए ‘मायकेस’ सॉफ्टवेयर की शुरुआत की।
इन अधिकारियों और कर्मचारियों को मिला पदक
सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में इंस्पेक्टर राकेश कुमार भट्ट, इंस्पेक्टर तारा दत्त, एएसआई कैलाश चंद, डब्ल्यू/एसआई अंजना कुमारी, एएसआई सतीश पाटिल, एएसआई आनंद बल्लभ, एएसआई प्रदीप कुमार शर्मा, डब्ल्यू/एएसआई बिंदु, डब्ल्यू/एएसआई दिनेश कुमारी, डब्ल्यू/हवलदार ललिता, डब्ल्यू/हवलदार शर्मिला, डब्ल्यू/हवलदार पुष्पा रानी और हवलदार विजय सिंह शामिल हैं।





