DRDO HEMRL: अप्रेंटिस भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, जानें कौन कर सकता है आवेदन और कितना मिलेगा स्टाइपेंड

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की पुणे स्थित हाई एनर्जी मैटेरियल्स रिसर्च लेबोरेटरी (HEMRL) में अप्रेंटिस प्रशिक्षण का मौका है। HEMRL ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 50 ग्रेजुएट अप्रेंटिस पदों पर आवेदन मांगे हैं। चयनित उम्मीदवारों को एक साल के प्रशिक्षण के दौरान 15,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा। आवेदन की अंतिम तारीख 28 अगस्त 2026 है।

50 पदों पर होगी भर्ती

HEMRL में अलग-अलग विषयों के लिए कुल 50 ग्रेजुएट अप्रेंटिस पद हैं। इनमें केमिकल इंजीनियरिंग/टेक्नोलॉजी के 10, मैकेनिकल इंजीनियरिंग के आठ, एयरोस्पेस/एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग के दो, कंप्यूटर से जुड़े विषयों के पांच और इलेक्ट्रिकल/इंस्ट्रूमेंटेशन के दो पद शामिल हैं।

इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के तीन, सिविल इंजीनियरिंग के दो, केमिस्ट्री के नौ, बीए के तीन, बीकॉम के तीन, लाइब्रेरी साइंस के दो और बीबीए के एक पद पर भर्ती होगी।

कौन कर सकता है आवेदन?

अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता संबंधित विषय में बीई/बीटेक, बीएससी, बीए, बीकॉम, बीबीए या बीएलआईएस निर्धारित है। पात्र उम्मीदवार भारतीय नागरिक होना चाहिए और संबंधित योग्यता वर्ष 2022 से 2026 के बीच नियमित विद्यार्थी के तौर पर हासिल की होनी चाहिए।

जिन उम्मीदवारों का योग्यता परीक्षा का परिणाम आवेदन की अंतिम तारीख तक घोषित नहीं हुआ है, वे पात्र नहीं होंगे। पहले अप्रेंटिस प्रशिक्षण कर चुके या संबंधित योग्यता के बाद एक साल या उससे अधिक का नौकरी अनुभव रखने वाले उम्मीदवार भी पात्र नहीं हैं।

उम्र सीमा क्या है?

उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष होनी चाहिए। अधिकतम आयु सीमा और आरक्षण संबंधी छूट अप्रेंटिस अधिनियम, अप्रेंटिस नियमों और NATS 2.0 के लागू दिशा-निर्देशों के अनुसार होगी।

कैसे होगा चयन?

उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग शैक्षणिक मेरिट के आधार पर की जा सकती है। जरूरत के अनुसार लिखित परीक्षा, साक्षात्कार या वॉक-इन इंटरव्यू भी आयोजित किया जा सकता है। अंतिम चयन दस्तावेजों के सत्यापन के बाद किया जाएगा।

आवेदन कैसे करें?

उम्मीदवारों को सबसे पहले NATS 2.0 पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। इसके बाद DRDO की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर उसे भरना होगा। आवेदन केवल ऑफलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। भरा हुआ फॉर्म निर्धारित दस्तावेजों के साथ डाक के जरिए HEMRL, पुणे भेजना होगा।

आवेदन का पता:
The Director, HEMRL,
Ministry of Defence, DRDO,
Sutarwadi, Pashan,
Pune – 411021

आवेदन 28 अगस्त 2026 तक निर्धारित पते पर पहुंच जाना चाहिए। अंतिम समय की डाक संबंधी देरी से बचने के लिए उम्मीदवारों को आवेदन पहले भेजने की सलाह दी गई है।

जरूरी बात

यह एक वर्षीय अप्रेंटिस प्रशिक्षण है, नियमित सरकारी नौकरी नहीं। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद DRDO या HEMRL में स्थायी, अस्थायी या संविदा नौकरी मिलने का कोई अधिकार नहीं होगा।

Related Articles

Back to top button