यूपी आंगनवाड़ी भर्ती 2026: बिना लिखित परीक्षा मिलेगी नौकरी, कई जिलों में आवेदन जारी

उत्तर प्रदेश में आंगनवाड़ी कार्यकत्री बनने की इच्छुक महिलाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य के 16 जिलों में आंगनवाड़ी कार्यकत्री के पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट upanganwadibharti.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सभी जिलों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि अलग-अलग निर्धारित की गई है।

इस भर्ती में केवल महिला उम्मीदवार आवेदन कर सकती हैं। भर्ती फर्रुखाबाद, हापुड़, एटा, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बुलंदशहर, उन्नाव, अयोध्या, कुशीनगर, संत रविदासनगर समेत कई जिलों में निकाली गई है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन पूरा कर लें।

आवेदन के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना अनिवार्य है। स्नातक और परास्नातक महिला अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकती हैं। आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है और आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी। साथ ही, उम्मीदवार का उसी ग्राम पंचायत या शहरी वार्ड का स्थायी निवासी होना जरूरी है, जहां से वह आवेदन कर रही है।

भर्ती प्रक्रिया की सबसे खास बात यह है कि कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। चयन पूरी तरह 12वीं कक्षा के अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची से किया जाएगा। समान अंक होने की स्थिति में विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता और बीपीएल श्रेणी की महिलाओं को नियमानुसार प्राथमिकता दी जाएगी।

आवेदन के दौरान आवश्यक दस्तावेजों में शैक्षणिक प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, आयु प्रमाणपत्र और पात्रता के अनुसार विधवा, तलाकशुदा या परित्यक्ता से संबंधित प्रमाणपत्र शामिल होंगे। उम्मीदवार भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी और जिला-वार रिक्तियों की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

Related Articles

Back to top button