6800 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर राजधानी में प्रदर्शन, मंत्री आवास की ओर बढ़े अभ्यर्थियों को पुलिस ने रोका

उत्तर प्रदेश में 69 हजार शिक्षक भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को तेज हो गया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी 6,800 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के सरकारी आवास पहुंचे और घेराव का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकते हुए कई अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बीच एक अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ने पर वह बेहोश होकर गिर पड़ा। वहीं, प्रदर्शन में शामिल एक महिला अभ्यर्थी के छोटे बच्चे को पुलिसकर्मियों ने सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। प्रदर्शनकारी “योगी बाबा न्याय करो” के नारे लगाते हुए नियुक्ति की मांग पर अड़े रहे।

अभ्यर्थियों का आरोप है कि सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में 8,270 सीटों का उल्लेख किया है, जिनमें 4,946 ऐसे अभ्यर्थियों के नाम शामिल हैं जो पहले ही तीन बार भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो चुके हैं। उनका कहना है कि पिछड़ा वर्ग के 6,800 अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिलनी चाहिए, जबकि वर्तमान प्रक्रिया में केवल लगभग 3,300 अभ्यर्थियों के चयन की संभावना है।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर उनकी मांगों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। वहीं, पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेजा गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Related Articles

Back to top button