बदायूं में रहस्यमयी बुखार का आतंक, एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में रहस्यमयी बुखार ने एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की जान ले ली। दहगवां स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के नसीरपुर टप्पा मलसई गांव में चार दिनों के भीतर हुई इन मौतों के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने गांव में मेडिकल कैंप लगाकर जांच और उपचार शुरू कर दिया है।
मृतकों की पहचान 20 वर्षीय मोरपाल और 18 वर्षीय ब्रजेश के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोनों को चार दिन पहले तेज बुखार आया था। इसके साथ ही उन्हें अत्यधिक कमजोरी और उल्टी की शिकायत भी थी। स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती गई और दोनों की मौत हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई अन्य लोग भी इसी तरह के बुखार की चपेट में हैं। इसे देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने तत्काल मेडिकल टीम को गांव भेजा और घर-घर सर्वे, खून की जांच और मरीजों के इलाज के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में लगातार निगरानी कर रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि बुखार या अन्य लक्षण दिखने पर झाड़-फूंक या झोलाछाप डॉक्टरों के बजाय तुरंत सरकारी अस्पताल में जांच कराएं। साथ ही संक्रमण से बचाव के लिए उबला हुआ पानी पीने, साफ-सफाई बनाए रखने और जलभराव से बचने की सलाह दी गई है।
फिलहाल, स्वास्थ्य विभाग संक्रमण के कारणों का पता लगाने और स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने में जुटा है।





