राम मंदिर चढ़ावा केस में बड़ा अपडेट: फाइनल रिपोर्ट दाखिल करने से पहले SIT ने मांगा और समय

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: फाइनल रिपोर्ट के लिए SIT मांगेगी अतिरिक्त समय, सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में अंतरिम रिपोर्ट
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में अपनी अंतरिम रिपोर्ट पेश कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, शीर्ष अदालत के निर्देशों के तहत रिपोर्ट सीधे सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, SIT अंतिम जांच रिपोर्ट सौंपने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार से अतिरिक्त समय भी मांग सकती है। हाल ही में मिले नए सुरागों, कस्टडी रिमांड के दौरान हुई पूछताछ और विभिन्न पहलुओं के सत्यापन का काम अभी जारी है।
जांच में अब तक चढ़ावे की गिनती की व्यवस्था, कथित वित्तीय अनियमितताओं, बैंकिंग लेनदेन, आरोपियों की भूमिका और संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की गई है। इन सभी बिंदुओं की पुष्टि पूरी होने के बाद SIT अपनी अंतिम रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में दाखिल करेगी।
इससे पहले 23 जून को SIT ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट शासन को सौंपी थी। रिपोर्ट में मंदिर की व्यवस्थाओं से जुड़ी कई गंभीर खामियां सामने आई थीं। दानराशि की सुरक्षा, बैंक तक पहुंचाने की प्रक्रिया, गणना कक्ष की निगरानी, सोने-चांदी के आभूषणों के रिकॉर्ड और नियुक्तियों की प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए थे। जांच में यह भी कहा गया था कि कई व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुरूप नहीं थीं और उनमें सुधार की जरूरत है।





