दिल्ली की मांडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग, रेखा गुप्ता ने गडकरी को भेजा प्रस्ताव

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर दक्षिण दिल्ली की मांडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने और इसके विकास की जिम्मेदारी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को सौंपने का अनुरोध किया है।

मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा कि करीब 8.8 किलोमीटर लंबी मांडी रोड, छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास महरौली-गुरुग्राम रोड (NH-148A) को दिल्ली-हरियाणा सीमा पर गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से जोड़ती है। यह मार्ग दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच अंतर-राज्यीय यातायात का महत्वपूर्ण कॉरिडोर है।

रेखा गुप्ता ने बताया कि यूटीटीआईपीईसी (UTTIPEC) की गवर्निंग बॉडी पहले ही मांडी रोड के चौड़ीकरण और समग्र विकास के प्रस्ताव का समर्थन कर चुकी है। ऐसे में इसके रणनीतिक महत्व और भविष्य की यातायात जरूरतों को देखते हुए इसे राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर एनएचएआई के अधीन लाया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री के अनुसार, इससे सड़क के विकास के लिए एकीकृत योजना लागू की जा सकेगी, समान इंजीनियरिंग मानकों का पालन होगा और समयबद्ध तरीके से कॉरिडोर का उन्नयन संभव होगा। साथ ही, प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले लाखों यात्रियों को बेहतर और सुगम यातायात सुविधा मिल सकेगी।

Related Articles

Back to top button